'एक चाय-दो समोसा, दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा', बवाना स्टेडियम में हिरासत के दौरान प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे
दिल्ली पुलिस ने बवाना स्टेडियम में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को चाय, समोसे और पानी का इंतजाम किया। जलपान ...और पढ़ें
HighLights
प्रदर्शनकारियों को बवाना स्टेडियम में चाय, समोसे दिए गए।
'एक चाय-दो समोसा, दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा' नारा वायरल।
पुलिस ने महिला प्रदर्शनकारियों को घर तक पहुंचाया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के लिए चाय, समोसे और पानी का इंतजाम किया गया था। बवाना स्टेडियम में जलपान मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। उनका नारा था, 'एक चाय-दो समोसा, दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा'। इसका वीडियो सामने आने पर प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जो काफी वायरल हो रहा है।
जलपान के दौरान प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे
जानकारी के मुताबिक, बवाना स्टेडियम में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। प्रदर्शनकारियों को चाय, समोसे और पानी की बोतलें उपलब्ध कराई गईं। जलपान के दौरान लगाए गए नारों ने लोगों का ध्यान खींचा और यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को घर लौटने में मदद देने के लिए भी इंतजाम किए।
महिलाओं को घर भी पहुंचाया
महिला प्रदर्शनकारियों और उनके साथ आए लोगों को रिठाला मेट्रो स्टेशन तक छोडऩे की सुविधा दी गई, ताकि वे वहां से अपने घर जा सकें। वहीं, पुरुष प्रदर्शनकारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद देने के लिए डीटीसी बसों की व्यवस्था भी की गई।
महिला प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हिरासत में ली गई महिलाओं और लड़कियों को उनके घर तक छोड़ा जाए। महिलाओं को घर पहुंचाने से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।
