दिल्ली के नरेला में DDA 25% छूट पर दे रहा 2516 LIG फ्लैट, जानें कीमत और बुकिंग डिटेल
डीडीए ने 'डीडीए आवास निवेश योजना-2026' के तहत नरेला में 2516 एलआईजी फ्लैट 25% छूट पर पेश किए हैं, जिनकी शुरुआती कीमत 14.95 लाख रुपये होगी।

डीडीए की आवास योजना (AI-Generated image)
HighLights
नरेला में 2516 एलआईजी फ्लैट उपलब्ध
फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट
पंजीकरण 14 अक्टूबर से, बुकिंग 20 अक्टूबर से
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने नई आवास योजना पेश की है। ‘डीडीए आवास निवेश योजना-2026’ के तहत नरेला में निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के 2516 फ्लैट 25 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे।
छूट के बाद इनकी शुरुआती कीमत करीब 14.95 लाख रुपये होगी। योजना के लिए पंजीकरण 14 अक्टूबर से शुरू होगा, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से की जा सकेगी।
कितना होगा फ्लैट का क्षेत्रफल?
डीडीए के अनुसार, योजना के फ्लैट नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 के पॉकेट-3 और पॉकेट-6 में हैं। इनमें पॉकेट-3 के 1020 और पॉकेट-6 के 1496 फ्लैट शामिल हैं। फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 49.90 वर्गमीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल है।
योजना की विवरण पुस्तिका 13 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से डीडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। इच्छुक आवेदक डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और बुकिंग कर सकेंगे। पोर्टल पर पहले से पंजीकृत लोगों को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।
बुकिंग के समय कितना अमाउंट जमा करें?
पंजीकरण के लिए एक बार 2500 रुपये शुल्क देना होगा, जो वापस नहीं किया जाएगा। फ्लैट की बुकिंग के समय एक लाख रुपये जमा करने होंगे। हालांकि, घोषित कीमत में रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, परिवर्तन शुल्क शामिल नहीं हैं। ये राशि आवंटन पत्र जारी करते समय अलग से ली जाएगी।
