विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठगी 35% घटी, गिरफ्तारियां 95% बढ़ीं; दिल्ली पुलिस ने कसा साइबर ठगों पर शिकंजा तो 10 महीने में 796 ठग गिरफ्तार

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:57 AM (IST)

दिल्ली पुलिस की सख्ती से साइबर ठगी में बड़ी कमी आई है। ठगी के मामलों में 15 और ठगी गई रकम में 35.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। ऑपरेशन साइहाॅक के तहत 10 महीनों में 796 साइबर ठग गिरफ्तार हुए।

साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की आक्रामक रणनीति और तकनीकी घेराबंदी का बड़ा असर जमीन पर दिखने लगा है। एआई इमेज

साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की आक्रामक रणनीति और तकनीकी घेराबंदी का बड़ा असर जमीन पर दिखने लगा है। एआई इमेज

HighLights

  1. साइबर ठगी के मामलों में 15% की कमी।

  2. ठगी गई कुल रकम में 35.5% की गिरावट।

  3. ऑपरेशन साइहाॅक से 796 साइबर ठग गिरफ्तार हुए।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की आक्रामक रणनीति और तकनीकी घेराबंदी का बड़ा असर जमीन पर दिखने लगा है।

वर्ष 2025 और 2026 के शुरुआती 10-10 महीनों के तुलनात्मक आंकड़ों पर नजर डालें तो न केवल साइबर ठगी के मामलों में करीब 15 प्रतिशत की कमी आई है, बल्कि ठगी जाने वाली कुल रकम में भी 35.5 प्रतिशत (करीब 189.31 करोड़ रुपये) की गिरावट दर्ज की गई है।

यह आंकड़ा केवल इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशंस के हैं, जहां 50 लाख से अधिक की ठगी के मामले दर्ज होते हैं। इस यूनिट में डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी व बास स्कैम, एनबीएफसी बैंकों से ठगी, कमेटी के नाम पर ठगी आदि के मामले दर्ज होते हैं।

796 साइबर ठग पहुंचे सलाखों के पीछे 

पुलिस द्वारा एक साल से लगातार ऑपरेशन साइहाॅक चलाने से न सिर्फ साइबर अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगाने की कोशिश की गई बल्कि केस सुलझाने की दर भी दोगुना हुआ है।

पिछले साल 10 महीनों में केस सुलझाने की दर महज 37.9 प्रतिशत थी, वहीं इस साल यह 46.2 प्रतिशत छलांग लगाकर 84.1 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

साइबर अपराधियों के सिंडिकेट को तोड़ने के लिए की गई ताबड़तोड़ छापेमारी का नतीजा गिरफ्तारियों के आंकड़ों में दिखता है। वर्ष 2025 के पहले 10 महीनों में 409 साइबर ठग दबोचे गए थे, जबकि 2026 की इसी अवधि में 796 साइबर ठग को सलाखों के पीछे भेजा गया।

 944 साइबर ठग और गुर्गे किए गए गिरफ्तार

गिरफ्तारियों में यह 94.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है कि पुलिस अब केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराज्यीय गिरोहों के मुख्य सरगनाओं तक भी पहुंच रही है। बीते 28 और 29 अक्टूबर को आइएफएसओ, क्राइम ब्रांच और सभी 15 जिले की पुलिस ने दिल्ली के अलावा 22 राज्यों में जाकर दो दिनों तक साइबर ठगों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर 944 साइबर ठगों और ठगों के काम करने वाले गुर्गों को गिरफ्तार किया था।

ठगी की रकम घटी और रिकवरी (फ्रीज) का प्रतिशत बढ़ा

बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ बेहतर तालमेल के चलते ठगी गई रकम को फ्रीज कराने के अनुपात में भी सुधार हुआ है। हालांकि, ठगी की राशि घटने के कारण फ्रीज की गई रकम 70.31 करोड़ से घटकर 61.77 करोड़ रही है, लेकिन प्रतिशत के लिहाज से पुलिस की तत्परता बढ़ी है। पिछले साल कुल ठगी की रकम का 13.2 प्रतिशत हिस्सा ही फ्रीज हो पाया था, जो इस साल 4.7 प्रतिशत बढ़कर 17.9 प्रतिशत हो गया है।

तालिका: 2025 बनाम 2026 (10 माह के आंकड़े)

श्रेणी 2025 के 10 माह के आंकड़े 2026 के 10 माह के आंकड़े बदलाव (असर)
दर्ज मामले 348 296 14.9% की कमी (अपराध घटा)
सुलझाए गए केस 132 249 88.6% की बढ़ोतरी
केस सुलझाने की दर 37.9% 84.1% 46.2% का उछाल
कुल गिरफ्तारियां 409 796 94.6% की बढ़ोतरी
ठगी की कुल रकम 533.52 करोड़ 344.21 करोड़ 35.5% की कमी (189.31 करोड़ बचे)
फ्रीज कराई गई राशि 70.31 करोड़ 61.77 करोड़ 12.1% की कमी (कुल ठगी घटने के कारण)
रकम फ्रीज होने की दर 13.2% 17.9% 4.7% का सुधार

"साइबर अपराधियों के खिलाफ हमने इस बार ''प्रोएक्टिव'' और ''टारगेटेड'' रणनीति अपनाई है। पहले हम केवल शिकायत दर्ज करने और जांच तक सीमित रहते थे, लेकिन अब हमारा जोर 'गोल्डन ऑवर' (ठगी के तुरंत बाद) में कार्रवाई करने पर है। बैंक खातों को तुरंत फ्रीज करने, अंतरराज्यीय सिंडिकेट के सरगनाओं को दबोचने और तकनीकी सर्विलांस का दायरा बढ़ाने का ही नतीजा है कि आज गिरफ्तारियां लगभग दोगुनी हो गई हैं और ठगी के मामलों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।"

-संजय भाटिया, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, आईएफएसओ।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से राहत, AQI 271, जानिए अपने इलाके का हाल

यह भी पढ़ें- दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे नागरिकों की खैर नहीं, अब चलेगा उनके खिलाफ बड़ा अभियान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।