किचन से गायब हो रहे थे सिलिंडर, दिल्ली में सक्रिय गैंग के तीन शातिर चोर को पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर इलाके से रसोईघरों से एलपीजी गैस सिलिंडर चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 चोरी के सिलिंडर और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।
-1782646234029_m.webp)
घरों के रसोईघरों से एलपीजी गैस सिलिंडर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। (AI Generated Image)
HighLights
सागरपुर पुलिस ने एलपीजी सिलिंडर चोर गिरोह पकड़ा।
मुख्य आरोपी दीपक सहित तीन लोग गिरफ्तार हुए।
चोरी के 10 सिलिंडर और स्कूटी बरामद की गई।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। सागरपुर थाना पुलिस ने घरों के रसोईघरों से एलपीजी गैस सिलिंडर चोरी करने वाले एक आदतन आरोपित और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के 10 एलपीजी गैस सिलिंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत के बीच आरोपित घरों में रखे गैस सिलेंडरों को निशाना बना रहे थे। गिरफ्तार मुख्य आरोपितों में निहाल विहार निवासी दीपक उर्फ दीपु (32), पीरागढ़ी निवासी महावीर (55) और रिंकू कुमार सिंह (53) शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से सागरपुर इलाके में एलपीजी गैस सिलिंडर चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। सिलिंडरों की कमी के कारण इन मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए एक टीम गठित की गई।
दो चोरी के एलपीजी गैस सिलिंडर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद
24 जून को तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने नाला रोड, डाबड़ी गोलचक्कर के पास से दीपक को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी के दौरान दो चोरी के एलपीजी गैस सिलिंडर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में दीपक ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के सिलिंडर उसके दो सहयोगियों के पास रखे गए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महावीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह चोरी के एलपीजी गैस सिलिंडर बरामद किए। इसके बाद रिंकू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो चोरी के सिलिंडर मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 10 चोरी के एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए।
चोरी के करीब 20 आपराधिक मामले पहले से दर्ज
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित दीपक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मकान में चोरी, वाहन चोरी और अन्य चोरी के करीब 20 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने अन्य किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के सिलेंडरों को किसे बेचा जाता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।