20 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने 5 दिन के ऑपरेशन में 22 ठगों को दबोचा
पश्चिमी दिल्ली साइबर पुलिस ने पांच दिवसीय अंतरराज्यीय अभियान में 22 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने देशभर में 22,139 लोगों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी, जिसमें एपीके फाइल का इस्तेमाल कर बुजुर्गों को निशाना बनाया जाता था।
-1795325904732_m.webp)
साइबर ठगी के खिलाफ पश्चिमी जिला पुलिस के 5 दिन तक चले अंतरराज्यीय अभियान में गिरफ्तार साइबर ठग। फोटो स्त्रोत- दिल्ली पुलिस
HighLights
दिल्ली पुलिस ने 22 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।
गिरोह ने 20 करोड़ से अधिक की ठगी की थी।
बुजुर्गों को एपीके फाइल से निशाना बनाते थे ठग।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली में पश्चिमी जिला साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ 5 दिन तक चले अंतरराज्यीय अभियान में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपियों में ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाली एपीके फाइल और पैनल विकसित करने वाले भी शामिल हैं।
20 करोड़ की ठगी का खुलासा
यह गिरोह देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। आरोपियों के तार राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की 2,080 शिकायतों से जुड़े मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि इसके लिए 7 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इनमें 64 पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीमों ने 11 से 15 नवंबर तक झारखंड के जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह समेत बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में छापामारी की।
63 मोबाइल बरामद
वहीं, अभियान के दौरान 17 स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटाप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है।
पुलिस ने पिछले तीन महीने में एपीके फाइल के जरिए बैंक खाते पर नियंत्रण कर ठगी करने से जुड़ी एक हजार से अधिक शिकायतों का विश्लेषण किया था।
इस दौरान 20 से अधिक ई-एफआइआर, 56 संदिग्ध टेलीग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े वाट्सएप नंबरों की भी जांच की गई। ठगी में इस्तेमाल 32 दुर्भावनापूर्ण एपीके फाइलों की फोरेंसिक जांच कर उनके नेटवर्क का पता लगाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी मुख्य रूप से बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर जीवन प्रमाणपत्र सत्यापन, केवाईसी अपडेट, क्रेडिट कार्ड जारी कराने और क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के नाम पर संपर्क करते थे।
ऐसे बनाते थे शिकार
इसके अलावा बीएसईएस और आईजीएल कनेक्शन से जुड़ी सेवाओं के बहाने भी लोगों को झांसे में लेते थे। आरोपी वॉट्सएप पर बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़ी बताकर एपीके फाइल भेजते थे।
इसे डाउनलोड करते ही उन्हें पीड़ित के मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी, बैंकिंग विवरण, एसएमएस, ओटीपी, कॉल और गैलरी तक पहुंच मिल जाती थी। इसके बाद वे बैंक खातों से रकम निकालने और क्रेडिट कार्ड की लिमिट का इस्तेमाल कर ठगी करते थे।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद दिल्ली में एपीके फाइल से होने वाली ठगी की शिकायतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। दो से 10 नवंबर के बीच ऐसी 1,406 शिकायतें मिली थीं, जबकि 11 से 17 नवंबर के बीच इनकी संख्या घटकर 724 रह गई।
आरोपियों के खिलाफ पश्चिमी जिला साइबर थाने में दो ई-एफआइआर दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और एपीके फाइल वितरण नेटवर्क की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड के शौक पूरा करने के लिए रचा 7 लाख की साइबर ठगी का जाल, पुराने मालिक को कागजों में बनाया पिता