गर्लफ्रेंड के शौक पूरा करने के लिए रचा 7 लाख की साइबर ठगी का जाल, पुराने मालिक को कागजों में बनाया पिता
पंकज ने गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए 7 लाख रुपये की साइबर ठगी की। उसने अपने पूर्व मेडिकल स्टोर मालिक को कागजों में फर्जी पिता बनाकर बैंक खाता खुलवाया और ठगी की रकम उसमें मंगाई।

एआई इमेज
HighLights
पांच लोगों का गिरोह, दो लाख रुपये पुलिस ने कराए थे होल्ड
जागरण संवाददाता, संभल। गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने थे, खर्चे बढ़ रहे थे और कमाई कम पड़ रही थी। इस जरूरत को पूरा करने के लिए पंकज ने साइबर ठगी का रास्ता पकड़ लिया। गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने से लेकर शराब पीने तक में ठगी की रकम उड़ाने लगा। साइबर अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद उसने ठगी के लिए फर्जी पहचान का ऐसा जाल बुना कि मेडिकल स्टोर संचालक को ही कागजों में अपना पिता बना लिया।
उसके नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आइडी बनवाकर बैंक खाता खुलवाया और ठगी की रकम इसी खाते में मंगाने लगा। अब पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया तो पूरा खेल उजागर हुआ है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव हिसामपुर निवासी रहीश अहमद के साथ सात लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आरोपित ने रहीश को एपीके फाइल भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक किया और बैंक खाते से रकम निकाल ली।
साइबर क्राइम थाने में मुकदमा नवंबर 2024 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जिस खाते रकम ट्रांसफर की गई। पुलिस दो साल से उसकी डिटेल और लोकेशन तलाशने में लगी रही। फिर बिहार के दरभंगा निवासी पंकज कुमार का नाम सामने आया।
पंकज कोलकाता में एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। जांच में सामने आया कि रहीश अहमद से ठगी गई रकम में से चार लाख रुपये पंकज के फर्जी बैंक खाते में पहुंचे थे। जो, फर्जी दस्तावेजों से से खुला था।
घटना के समय पर ही दो लाख रुपये पुलिस ने होल्ड करा दिए, जबकि एक लाख रुपये साइबर अपराधी ने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। साइबर थाने के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि पंकज कोलकाता में ही साइबर ठगी के आरोपित आरिफ के संपर्क में था। यह पांच लोगों का गिरोह है।
गिरोह के चार सदस्य आरिफ निवासी कोलकाता, कर्नाटक के जिला यादगीर सोरपुर पोस्टर हुनसंगी निवासी शमीमउल्ला, मध्यप्रदेश के जिला बैतूल के गांव घोघरी निवासी कमल सिंह और बंगाल के जिला मुर्शीदाबाद के चोन्याडांगा बिरहामपुर बोइनकुइटला निवासी नयन के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस 11 नवंबर को आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।
पकड़े गए आरोपित पंकज ने बताया कि वह ठगी की रकम से गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने और शराब पीता था। पुलिस ने पंकज को 19 नवंबर को गिरफ्तार किया।
उसके पास से सैमसंग मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी कार्ड और एयरटेल पेमेंट डेबिट कार्ड बरामद हुआ। तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद उसका शनिवार को चालान कर दिया।
मेडिकल स्टोर संचालक को बनाया फर्जी पिता
आरोपित पंकज ने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश कुमार साहू को अपना फर्जी पिता दर्शाते हुए उनके नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आइडी कार्ड बनवा लिए।
इन्हीं दस्तावेजों के सहारे कोलकाता की केनरा बैंक में खाता खुलवा लिया। खास बात यह है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने वर्ष 2021 में ही पंकज को नौकरी से हटा दिया था, लेकिन वह उनकी पहचान का इस्तेमाल करता रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।