हथौड़े से सिर फोड़कर मोबाइल लूटने वाले दोनों आरोपित गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस से बचने के लिए बदलते रहे ठिकाने
दिल्ली पुलिस ने सराय काले खां फ्लाईओवर के पास अस्पतालकर्मियों पर हमला कर मोबाइल लूटने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदले और कार की नंबर प्लेट भी बदल दी थी।

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने मोबाइल लूटने के आरोप में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सौ. पुलिस
HighLights
सराय काले खां लूटपाट मामले में दो गिरफ्तार।
अस्पतालकर्मियों पर हमला कर मोबाइल लूटा गया।
लूटा मोबाइल, हथियार और क्रेटा कार बरामद।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सराय काले खां फ्लाईओवर के पास मामूली टक्कर के बाद बाइक सवार दो अस्पतालकर्मियों पर हमला कर उनका मोबाइल लूटने के आरोप में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान फरीदाबाद निवासी अभिषेक और नोएडा निवासी अरमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा, बेसबाल बैट, लकड़ी का डंडा, लूटा गया मोबाइल और हुंडई क्रेटा कार बरामद की है।
दिल्ली के नरेला में तलाशी अभियान चलाया
पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, शिकायत मिलने के करीब छह घंटे के भीतर दोनों को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास से पकड़ा गया। आरोपितों ने कार की नंबर प्लेट बदल दी थी और सामने के शीशे पर ‘एमएलए’ का स्टीकर लगा लिया था। वे पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। जांच में पता चला कि कार अभिषेक ने किराये पर ली थी। पुलिस ने दक्षिण दिल्ली, हरियाणा के तिगांव और बाहरी दिल्ली के नरेला में तलाशी अभियान चलाया।
बेसबाल बैट व हथौड़े से हमला कर दिया
पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद निवासी विक्रम और अरुण बुधवार को ड्यूटी के बाद अपाचे बाइक से घर लौट रहे थे। सराय काले खां फ्लाईओवर के पास उनकी बाइक की सफेद क्रेटा कार (डीएल 7 सीयू 4757) से टक्कर हुई। आरोप है कि कार से उतरे अभिषेक और अरमान ने दोनों से झगड़ा किया और बेसबाल बैट व हथौड़े से हमला कर दिया। सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल रिकाॅर्ड सेक्शन में संविदा पर कार्यरत दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
दोनों कर रहे हैं पढ़ाई
सनलाइट काॅलोनी थाना पुलिस ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया। हत्या के प्रयास व लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपित अरमान नोएडा के एक काॅलेज से लाॅ की पढ़ाई कर रहा है और चौथे वर्ष में है। वह ऑनलाइन रिटेल का काम भी करता है। वहीं, अभिषेक बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और निर्माण कार्य से जुड़ा है। उसके खिलाफ पहले से किसी आपराधिक मामले की जानकारी नहीं मिली है।