बुलेट पर सवार होकर दिल्ली में करते थे लूटपाट, राहगीरों को बेच देते थे मोबाइल; दो बदमाश गिरफ्तार
महिंद्रा पार्क पुलिस ने न्यू सब्जी मंडी से दो लुटेरों, विकास और देव को गिरफ्तार कर एनएसपी इलाके में हुई लूट का पर्दाफाश किया है।

लूटे गए दो मोबाइल फोन, दो बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
महिंद्रा पार्क पुलिस ने न्यू सब्जी मंडी से दो लुटेरे पकड़े।
एनएसपी इलाके में हुई लूट का मामला सुलझाया गया।
लूटे गए मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बुलेट बरामद।
राजीव , बाहरी दिल्ली। महिंद्रा पार्क थाना अंतर्गत न्यू सब्जी मंडी में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर एनएसपी इलाके में हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश किया है। आरोपितों की पहचान विकास (27) और देव (22) के रूप में हुई है। इनके पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन, दो बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को हेड कांस्टेबल रविंदर, कांस्टेबल कृष्ण और गुरविंदर न्यू सब्जी मंडी में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि दोनों सुबह एनएसपी इलाके में हुई लूट की वारदात में शामिल थे। वे लूटे गए मोबाइल राह चलते लोगों को बेचते थे।
विकास के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बुलेट भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, विकास निहाल विहार थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। उसके खिलाफ लूट और झपटमारी के 17 मामले दर्ज हैं। वहीं, देव का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। महेंद्र पार्क थाने में आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक मामलों और मोबाइल खरीदने वालों की पहचान करने में जुटी है।