सेंट्रल और वेस्ट दिल्ली के बीच नई बस सेवा '753 एक्सटेंशन' शुरू, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
मोरी गेट टर्मिनल से खेड़ी बाबा पुल के बीच नई बस सेवा 'रूट नंबर 753 एक्सटेंशन' शुरू की गई है। यह मध्य और पश्चिमी दिल्ली के रिहायशी और बाजार से जुड़े इलाकों के बीच आवागमन को सुलभ बनाएगी।

HighLights
मोरी गेट से खेड़ी बाबा पुल तक नई बस सेवा।
मध्य और पश्चिमी दिल्ली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी।
पूर्वांचल यात्रियों के लिए सीधी और सुलभ यात्रा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। रविवार को क्षेत्र के यातायात नेटवर्क को मजबूत करते हुए मोरी गेट टर्मिनल से खेड़ी बाबा पुल के बीच नई बस सेवा 'रूट नंबर 753 एक्सटेंशन' की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मध्य और पश्चिमी दिल्ली के रिहायशी व बाजार से जुड़े इलाकों के बीच रोजाना के आवागमन को बेहतर और सुलभ बनाना है।
विकासपुरी व उत्तम नगर से सटे शिव विहार में इस बस रूट का नारियल फोड़कर उदघाटन किया गया। प्रदेश के परिवहन मंत्री डा पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और किफायती परिवहन व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मध्य दिल्ली और मोरी गेट तक सीधा कनेक्शन उपलब्ध
यह नया रूट पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी, विकासपुरी, हस्तसाल, शिव विहार, उत्तम नगर, हरि नगर और आस-पास के इलाकों के नागरिकों को मध्य दिल्ली और मोरी गेट तक सीधा कनेक्शन उपलब्ध कराएगा। इससे ऑफिस जाने वालों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार केंद्रों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी।
इस रूट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह दिल्ली के प्रमुख इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट हब (आइएसबीटी) कश्मीरी गेट, मोरी गेट, पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सीधा जुड़ा हुआ है। ऐसे में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले पूर्वांचल समुदाय के यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद मददगार साबित होगी, जिससे उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बार-बार वाहन बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
इन-इन जगहों से होकर गुजरेगी बस
डीटीसी अधिकारियों के अनुसार, यह बस रूट दोनों छोरों के बीच लाल किला, जामा मस्जिद, दिल्ली गेट, अजमेरी गेट, पहाड़गंज, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन, वेस्ट पटेल नगर, शादीपुर, नारायणा डिपो, मायापुरी डिपो, जनकपुरी, उत्तम नगर और हस्तसाल गांव जैसे कई व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाकों से होकर गुजरेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।