डीटीसी बसों में ठंडा पानी, मजदूरों को दोपहर में आराम; हीट वेव पर दिल्ली सरकार का सख्त आदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में बढ़ते तापमान और लू के मद्देनजर हीट वेव एक्शन प्लान को सख्ती से लागू ...और पढ़ें

गर्मी से बचाव के लिए डीटीसी बसों में मिलेगा ठंडा पानी। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
डीटीसी बसों में यात्रियों को मिलेगा ठंडा पानी
श्रमिकों को दोपहर 1 से 4 बजे तक आराम
स्कूलों में बच्चों को ओआरएस घोल मिलेगा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बढ़ रहे तापमान व लू से लोगों विशेषकर श्रमिकों, स्कूली बच्चों और धूप में यात्रा करने वालों को परेशानी हो रही है। इनकी परेशानी दूर करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी संबंधित विभागों व निजी एजेंसियों को हीट वेव एक्शन प्लान को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सभी बसों में कोल्ड बाक्स में ठंडा पानी रखने को कहा गया है। बस शेल्टरों के पास भी पानी के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां निश्शुल्क ठंडा पानी और ओआरएस के घोल मिलेंगे।
श्रमिकों को दिया जाएगा आराम
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम विभाग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रमिकों को धूप में काम नहीं करना पड़े। सभी नियोक्ताओं को निर्देश दिया गया है कि दोपहर एक बजे से शाम चार बजे के बीच श्रमिकों को आराम दिया जाए।
उनके लिए पानी, आराम करने के लिए छायादार स्थान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना भी नियोक्ताओं की जिम्मेदारी होगी। स्कूलों में गर्मी से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने और छुट्टी से पहले बच्चों को ओआरएस का घोल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को भी सफाई कर्मियों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और धूप में काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अस्पतालों में दवाइयों और आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। फायर, बिजली और जल विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि पूरे शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
