विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमानत का विरोध नहीं करना तो गिरफ्तारी क्यों करते हैं? पुलिस की लापरवाही पर दिल्ली HC की कड़ी टिप्पणी

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:01 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत अर्जियों की सुनवाई में जांच अधिकारियों की गैरहाजिरी और सरकारी वकीलों को जानकारी न देने पर दिल्ली पुलिस पर नाराजगी जताई है। 

दिल्ली पुलिस को हाई कोर्ट ने लगाई फटकार। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली पुलिस को हाई कोर्ट ने लगाई फटकार। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जालसाजी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत अर्जियों की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारियों के रवैये पर दिल्ली हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई है।

न्यायमूर्ति गिरीश कथपालिया की पीठ ने कहा कि पुलिस आयुक्त के स्तर पर निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

जमानत का विरोध नहीं करना चाहती पुलिस?

पीठ ने कहा कि जांच अधिकारी सुनवाई से पहले सरकारी वकीलों को मामले की जानकारी नहीं दे रहे और कुछ मामलों में अदालत में उपस्थित होकर अभियोजन पक्ष की सहायता भी नहीं करते।

ऐसी चूकों से संदेश जाता है कि पुलिस जमानत का विरोध नहीं करना चाहती। पीठ ने सवाल किया कि यदि पुलिस जमानत का विरोध नहीं करना चाहती, तो आरोपियों को गिरफ्तार क्यों करती है?

यह टिप्पणी सरकारी नौकरियों के घोटाले में आरोपी साहिल मलिक की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई। पीठ ने कहा कि ऐसी स्थिति में जमानत देना एक विकल्प हो सकता है, लेकिन ऐसा करना उचित नहीं होगा।

अदालत ने आदेश की प्रति पुलिस आयुक्त को भेजने और पुलिस विभाग से व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की उम्मीद जताई। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।

सुनवाई से पहले सरकारी वकील को नहीं मिल रही जानकारी

पीठ ने कहा कि पहले जांच अधिकारी सुनवाई से एक दिन पहले या उसी दिन पर्याप्त समय रहते सरकारी वकील को जानकारी देते थे। इससे अभियोजक अदालत के सवालों के जवाब देने और जमानत का विरोध करने के लिए तैयार रहते थे, लेकिन अब यह व्यवस्था लगभग समाप्त हो गई है।

अदालत के पूर्व निर्देश के अनुसार, जांच अधिकारी के छुट्टी पर होने पर थाना प्रभारी (एसएचओ) को मामले की जानकारी लेकर उपस्थित रहना था। इस सुनवाई में अतिरिक्त लोक अभियोजक ने बताया कि जांच अधिकारी छुट्टी पर हैं।

एसएचओ की गैरहाजिरी पर अदालत के सवाल का जवाब नहीं दिया गया।

जांच अधिकारी के गैरहाजिर रहने पर जताई नाराजगी

शिकायतकर्ता ने बताया कि जांच अधिकारी संदीप चौहान हैं, न कि सब-इंस्पेक्टर सौरभ मलिक। चौहान भी बिना कारण बताए अदालत में उपस्थित नहीं हुए। पीठ ने कहा कि मामले के कई सवालों के जवाब केवल जांच अधिकारी दे सकते हैं।

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर की धोखाधड़ी

याचिका के अनुसार, आरोपी और उसके माता-पिता ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिए।

जांच में आंगनवाड़ी, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), शिक्षा विभाग और दिल्ली जेल वार्डर विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र, मुहरें और जाली दस्तावेज मिले। संबंधित विभागों की ईमेल आईडी से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी मिलने का भी आरोप है।

यह भी पढ़ें- नितिन नवीन का फर्जी वीडियो वायरल, AI से छेड़छाड़ करने पर भड़की दिल्ली BJP; पुलिस से एक्शन की मांग 

यह भी पढ़ें- कदीमी मस्जिद पर दिल्ली हाई कोर्ट में बहस, वक्फ बोर्ड ने 1991 के कानून का दिया हवाला, जानें सरकार के वकील का जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।