नितिन नवीन का फर्जी वीडियो वायरल, AI से छेड़छाड़ करने पर भड़की दिल्ली BJP; पुलिस से एक्शन की मांग
दिल्ली भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषण के साथ छेड़छाड़ कर बनाए गए फर्जी वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के वीडियो पर दिल्ली पुलिस से शिकायत करने पहुंचे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा। फोटो:जागरण
HighLights
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के फर्जी वीडियो पर शिकायत।
एआई के दुरुपयोग से राष्ट्रीय सुरक्षा पर भ्रम फैलाने का आरोप।
दिल्ली भाजपा ने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषण के वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के विरुद्ध दिल्ली भाजपा के नेताओं ने पुलिस से शिकायत की है।
उन्होंने इस मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि एआई का उपयोग नवाचार, विकास और जनकल्याण के लिए होना चाहिए न कि झूठ गढ़ने, राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि धूमिल करने और देश में भ्रम एवं अराजकता का वातावरण बनाने के लिए।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मध्य दिल्ली के डीसीपी से मिलकर लिखित शिकायत की। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 22 नवंबर को चंडीगढ़ में आयोजित एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित किया था।
उनके संबोधन की वास्तविक वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ छेड़छाड़ कर भ्रामक वीडियो तैयार किया गया। इसमें भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन तथा भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस जैसे अत्यंत संवेदनशील विषयों पर भाजपा अध्यक्ष के नाम से झूठे और भ्रामक वक्तव्य गढ़कर प्रसारित किए गए हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भ्रम फैलाने का आरोप
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन तकनीक का दुरुपयोग कर किसी नेता के नाम से फर्जी भाषण गढ़ना और उसे वास्तविक बताकर प्रसारित करना किसी भी स्थिति में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आ सकता।
यह न केवल संबंधित नेता की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि देश की विदेश नीति, सामरिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर जनता के बीच भ्रम, अविश्वास और अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने की साजिश है।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल
- सांसद प्रवीन खंडेलवाल
- प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल
- प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया
- प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर
- प्रदेश लीगल प्रमुख अधिवक्ता संकेत गुप्ता
यह भी पढ़ें- गुरु नानक देव की शिक्षाएं जीवन में उतारें, नशे की समस्या मिटाने को सबको मिलकर प्रयास करना होगा: PM मोदी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।