विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी जूवेनाइल जस्टिस एक्ट के केसों की सुनवाई, पेंडिंग मामलों पर दिल्ली HC का फैसला

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:49 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि किशोर न्याय अधिनियम के 2021 के संशोधन पिछली तारीख से लागू होंगे, जिसके तहत सभी संबंधित मामलों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी।

जूवेनाइल जस्टिस एक्ट के केसों की सुनवाई को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला। फोटो: आर्काइव

जूवेनाइल जस्टिस एक्ट के केसों की सुनवाई को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किशोर न्याय अधिनियम (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) में वर्ष 2021 में हुआ संशोधन पिछली तारीख से लागू होगा।

इसके तहत अधिनियम के दायरे में आने वाले सभी अपराधों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी। यह नियम न्यायिक मजिस्ट्रेटों के पास पहले से लंबित मामलों पर भी लागू होगा।

हालांकि, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) या भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत दर्ज सामान्य आपराधिक मामलों को केवल इस आधार पर चिल्ड्रेन कोर्ट में स्थानांतरित नहीं किया जाएगा कि पीड़ितों में कोई नाबालिग है।

लंबित मामलों की सुनवाई भी चिल्ड्रेन कोर्ट में

न्यायमूर्ति नवीन चावला व न्यायमूर्ति अरुण भारद्वाज की पीठ ने कहा कि सुनवाई के स्थान में बदलाव आमतौर पर प्रक्रियात्मक मामला होता है। इसलिए ऐसा बदलाव करने वाला संशोधन पिछली तारीख से लागू माना जाएगा, जब तक कानून बनाने वालों का इरादा इसके विपरीत न हो।

एएसजे ने चिंता जताई थी कि लंबित मामलों को चिल्ड्रेन कोर्ट में भेजने से पहली अपील के लिए तय अदालत भी बदल सकती है।

पीठ ने स्पष्ट किया कि 2021 के संशोधन से पहले प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने चल रहे मामले भी धारा-86(चार) के तहत चिल्ड्रेन कोर्ट में जाएंगे। जेजे एक्ट की धारा-86 (चार) को वर्ष 2021 के संशोधन से जोड़ा गया और जो सितंबर 2022 से लागू हुई थी।

अदालत ने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम की संशोधित धारा-86 (चार) के तहत इस कानून के दायरे में आने वाले सभी अपराधों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी, चाहे उनमें सजा का प्रावधान कुछ भी हो। लिहाजा, पुराने प्रावधानों के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेटों के पास लंबित मामलों को भी संबंधित चिल्ड्रेन कोर्ट में भेजा जाना चाहिए।

अदालत ने उक्त टिप्पणी व निर्णय साकेत कोर्ट के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) द्वारा पूछे गए दो कानूनी सवालों का जवाब देते हुए दिया। मामला 2021 में लाजपत नगर पुलिस स्टेशन में हुई प्राथमिकी से जुड़ा है।

ट्रायल कोर्ट ने किए थे ये सवाल

  • ट्रायल कोर्ट ने दो सवाल किए थे। उन्होंने पूछा था कि क्या जेजे एक्ट की धारा 86(चार) को पिछली तारीख से लागू होने वाले प्रभाव के साथ पढ़ा जाना चाहिए या भविष्य से लागू होने वाले प्रभाव के साथ?
  • यह भी पूछा था कि क्या बीएनएस व आईपीसी के तहत सामान्य अपराध, जिनमें पीड़ित व्यक्ति नाबालिग है, उन्हें बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम-2005 (सीपीसीआर) की धारा-2(बी) और धारा 25 के तहत बच्चों के खिलाफ अपराध माना जाएगा? क्या ऐसे मामलों की सुनवाई चिल्ड्रेन कोर्ट में होनी चाहिए, या फिर बीएनएस/आईपीसी के तहत उस अपराध के लिए निर्धारित अदालत में?

यह भी पढ़ें- दिल्ली में पहली बार अतिक्रमण रोकने को उतरे अर्धसैनिक बल, खारी बावली और पुल मिठाई में बड़ा एक्शन

यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रैफिक चालान का शतक लगाने वालीं 1421 गाड़ियां, इनमें से 600 प्राइवेट कार वाले; सभी को नोटिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।