दिल्ली में पहली बार अतिक्रमण रोकने को उतरे अर्धसैनिक बल, खारी बावली और पुल मिठाई में बड़ा एक्शन
दिल्ली में खारी बावली और पुल मिठाई जैसे इलाकों में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए पहली बार अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और एमसीडी मिलकर अतिक्रमणकारियों के सामान जब्त कर स्थायी समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुल मिठाई के आसपास से अतिक्रमण हटवाते पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान। फोटो: जागरण
HighLights
दिल्ली में पहली बार अर्धसैनिक बल अतिक्रमण रोकने उतरे।
खारी बावली, पुल मिठाई में पुलिस ने हटाया अतिक्रमण।
पुलिस ने एमसीडी से सामान जब्त करने में मदद मांगी।
निहाल सिंह, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खारी बावली और पुल मिठाई समेत आसपास के इलाकों में पिछले सप्ताह अतिक्रमण मुक्त कराई गई सड़कों पर फिर से अतिक्रमण रोकने के लिए राजधानी दिल्ली में पहली बार अर्धसैनिक बलों और पुलिसकर्मियों की तैनाती हुई है।
दैनिक जागरण द्वारा फिर से पटरी लगने का मुद्दा उठाए जाने पर बुधवार को पूरे इलाके में जगह-जगह अर्धसैनिक बल तैनात रहे। साथ ही करीब 70 पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए, जो वहां लगाई गई पटरी और रखे गए सामान को हटवा रहे थे।
पुलिसकर्मी वहां लगातार निरीक्षण कर रहे थे। कोई भी पटरी लेकर उस मार्ग पर आ रहा था तो उसे तत्काल हटा रहे थे।
अतिक्रमण की तस्वीरें प्रसारित होने पर सक्रिय हुईं एजेंसियां
दरअसल, मंगलवार को यह देखने में आया था कि शुक्रवार से रविवार तक एमसीडी ने नगर कीर्तन के चलते इस इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया था, लेकिन वहां फिर से पटरी लगने लगी थी।
अतिक्रमण करने वाले लोग जहां-जहां ठीया लगाते थे, वहां फिर से अपना सामान रखकर चले गए थे। साथ ही कुछ लोगों ने अपनी दुकानें भी खोल ली थीं।
जब इंटरनेट मीडिया पर फिर से अतिक्रमण की तस्वीरें प्रसारित होने लगीं तो एजेंसियां सक्रिय हुईं और आनन-फानन में दुकानें बंद करा दी गईं। इस पर एमसीडी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की बताई थी।
इस पर पुलिस की किरकिरी हो रही थी। बुधवार को दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद अर्धसैनिक बल और पुलिसकर्मी अतिक्रमण हटाते नजर आए। साथ ही अतिक्रमणकारी जो सामान अपने स्थान पर रखकर चले गए थे, उसे भी पुलिसकर्मियों ने हटाया।
पुलिस ने एमसीडी से मांगी मदद
दिल्ली पुलिस ने खारी बावली, पुल मिठाई, पीली कोठी समेत आसपास के इलाकों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए एमसीडी से मदद मांगी है।
पुलिस ने इस संबंध में एमसीडी पुरानी दिल्ली जोन की उपायुक्त कनिका को पत्र लिखकर अतिक्रमण करने वालों की वस्तुएं जब्त करने को कहा है। पुलिस के अनुसार, एमसीडी को ही अतिक्रमण की वस्तुएं जब्त करनी होंगी, ताकि लोग दोबारा अतिक्रमण न कर सकें।
हमने एमसीडी की उपायुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि वस्तुएं जब्त करने के लिए वहां वाहनों और कर्मचारियों की तैनाती रहे, ताकि अतिक्रमण करने वालों का सामान तत्काल जब्त किया जा सके। क्योंकि एक हिस्से से हम अतिक्रमण हटाना शुरू करते हैं तो लोग दूसरे हिस्से में आ जाते हैं। पुलिस के पास वस्तुएं जब्त करने की व्यवस्था नहीं है। इसलिए एमसीडी से सहयोग मांगा है।
- निहारिका भट्ट, पुलिस उपायुक्त, उत्तरी जिला
पहली बार अतिक्रमण रोकने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। यह पुलिस का स्वागत योग्य कदम है। पुलिस इस मामले में सकारात्मक रुख अपना रही है। हम एमसीडी से अपील करते हैं कि पुलिस और एमसीडी मिलकर इस पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त रखने का कार्य करें।
- प्रवीण शंकर कपूर, महासचिव, चांदनी चौक नागरिक मंच एवं भाजपा प्रवक्ता, दिल्ली
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रैफिक चालान का शतक लगाने वालीं 1421 गाड़ियां, इनमें से 600 प्राइवेट कार वाले; सभी को नोटिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।