दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 1494 में से 433 CCTV खराब, RTI से खुलासे के बाद कौन लेगा जिम्मेदारी?
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। एक आरटीआई खुलासे के अनुसार, बाहरी दिल्ली के छह स्कूलों में 1494 में से 433 कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।

बाहरी दिल्ली के छह सरकारी स्कूलों में कुल 1494 सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिनमें से 433 खराब हैं।
HighLights
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 433 सीसीटीवी खराब पाए गए।
आरटीआई से खुलासा, 29% कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल उठे।
संजय डबास, बाहरी दिल्ली। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी खुद देखरेख को मोहताज हैं। देखरेख और मरम्मत में लापरवाही के चलते सैकड़ों कैमरे बंद पड़े हैं।
आरटीआई के माध्यम से खुलासा हुआ है कि बाहरी दिल्ली के छह सरकारी स्कूलों में कुल 1494 सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिनमें से 433 खराब हैं।
केवल 1061 कैमरे ही काम कर रहे हैं। यानी करीब 29 प्रतिशत कैमरे बंद पड़े हैं। ऐसे में स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरटीआई ने क्या किया खुलासा?
- सुल्तानपुरी ब्लाॅक-एच के सर्वोदय कन्या विद्यालय में कुल 301 सीसीटीवी हैं, लेकिन इनमें से 207 खराब हैं। स्कूल के करीब 69 प्रतिशत कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।
- सर्वोदय कन्या विद्यालय, सेक्टर-20, रोहिणी एक्सटेंशन में कुल 408 कैमरों में से 103 खराब हैं।
- राजकीय सह-शिक्षा उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंगोलपुर कलां में 156 में से 35 कैमरे बंद हैं और 121 चालू हैं।
- इसी तरह राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्लाॅक-एफ, सुल्तानपुरी में 184 कैमरों में से 30 खराब हैं।
- राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय, कामधेनु, मंगोलपुरी में भी 290 में से 30 कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।
- राजकीय बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्लाक-डी, मंगोलपुरी में कुल 155 कैमरे लगे हैं, जिनमें से 28 खराब हैं।
खराब कैमरों को ठीक कराने की क्या है समय-सीमा?
स्थानीय निवासी अभिषेक, सचिन ने सवाल उठाया है कि जब इतने कैमरे खराब हैं तो उनकी मरम्मत अब तक क्यों नहीं कराई गई? क्या शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में सीसीटीवी की नियमित जांच की जाती है? खराब कैमरों को ठीक कराने के लिए क्या समय-सीमा निर्धारित है और इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?