दिल्ली में निजी जमीन पर पेड़ काटने के नियमों में बदलाव, इन 5 प्रजातियों को मिली छूट; ट्रांजिट परमिट से राहत
दिल्ली सरकार ने निजी भूमि पर 5 प्रकार के पेड़ों को काटने के नियम आसान कर दिए हैं, जिसके लिए अब पहले से अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी।

दिल्ली सरकार ने निजी भूमि पर पेड़ों को काटने की अनुमति दी। फोटो- सोशल मीडिया
डि़जिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने प्राइवेट जमीन पर लगे 5 तरह के पेड़ों को काटने के नियम आसान कर दिए हैं। अब इन पेड़ों को काटने के लिए पहले से इजाजत नहीं लेनी होगी। इसको लेकर सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी किया है।
जिन 5 प्रजातियों को छूट दी गई है, उनमें पॉपलर, सफेदा (यूकेलिप्टस), सहजन (मोरिंगा), गमारी और मालाबार नीम शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, प्राइवेट जमीन पर लगे इन पेड़ों को काटने, हटाने या निपटाने के लिए दिल्ली वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत इजाजत की जरूरत नहीं होगी। साथ ही इनके बदले में दूसरा पेड़ लगाने का नियम भी लागू नहीं होगा।
क्यों लिया गया फैसला?
सरकार का कहना है कि लोगों को अपनी ही जमीन पर पेड़ काटने की इजाजत लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। इस वजह से लोग पेड़ लगाने से भी कतराने लगे थे। गजट नोटिफिकेशन में कहा गया है कि प्राइवेट जमीन पर तेजी से बढ़ने वाली और कमर्शियल प्रजातियों के पौधारोपण को इजाजत की प्रक्रिया की वजह से बढ़ावा नहीं मिल पा रहा था।
इसी को देखते हुए दिल्ली वृक्ष संरक्षण (एग्रो-फॉरेस्ट्री और छूट प्राप्त पौधारोपण प्रजातियां) नियम, 2026 लाया गया है। ड्राफ्ट पर जुलाई में जनता से सुझाव मांगे गए थे और 1 अक्टूबर को फाइनल नोटिफिकेशन जारी किया गया।
कहां लागू होगा नियम?
यह नियम सिर्फ दिल्ली की प्राइवेट जमीन पर लागू होगा। जंगल, रिज एरिया, डीम्ड फॉरेस्ट या जहां पेड़ काटने पर किसी कानून या कोर्ट के आदेश से रोक है, वहां यह छूट नहीं मिलेगी। इन प्रजातियों से मिलने वाली लकड़ी को दिल्ली के अंदर या बाहर ले जाने के लिए भी ट्रांजिट परमिट की जरूरत नहीं होगी।
10 से ज्यादा पेड़ काटने पर क्या होगा?
10 तक पेड़ काटने के लिए मालिक को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और पेड़ों की जियो-टैग फोटो अपलोड करनी होगी। अगर कोई आपत्ति नहीं होगी तो 7 दिन में इजाजत मिल जाएगी।
10 से ज्यादा पेड़ काटने पर ट्री ऑफिसर 14 दिन में मौके पर जांच करेंगे और 3 हफ्ते में इजाजत देंगे। आपत्ति सिर्फ नियम, कानून या कोर्ट के आदेश के उल्लंघन पर ही मानी जाएगी।
सरकार का दावा है कि इससे ग्रीन कवर बढ़ेगा, कार्बन सोखने की क्षमता बढ़ेगी और प्राकृतिक जंगलों पर दबाव कम होगा।
पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता
वहीं, ट्री एक्टिविस्ट भव्रीन कंधारी ने इस फैसले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली साफ हवा के लिए तरस रही है, तब पेड़ काटना आसान करने के बजाय सुरक्षा मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अधिकारी कैसे जांचेंगे कि काटे जा रहे पेड़ वाकई कमर्शियल पौधारोपण के हैं या पुरानी हरियाली को छूट की आड़ में साफ किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।