दिल्ली प्रदूषण के बीच काम करने को मजबूर गिग वर्कर्स, रोजी-रोटी के चक्कर में दांव पर लगा रहे सेहत
दिल्ली में 12 लाख से अधिक गिग वर्कर्स जहरीले वायु प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, गले में खराश और ...और पढ़ें

प्रदूषण की मार झेल रहे गिग वर्कर। जागरण
HighLights
दिल्ली के 12 लाख गिग वर्कर्स प्रदूषण से बीमार।
आंखों में जलन, गले में खराश जैसी शिकायतें आम।
कंपनियों से स्वास्थ्य बीमा, प्रदूषण भत्ते की मांग।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। जहरीले वायु प्रदूषण से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। उसमें भी सबसे गंभीर स्थिति सड़कों पर दिन-रात डिलीवरी के लिए दो पहिया से चलते गिग वर्करों की है। जिनकी संख्या दिल्ली में करीब 12 लाख है। जिनके लिए आंखों में जलन, खांसी और सांस के रास्ते शरीर में समाता धुंआ काफी भारी पड़ रहा है।
पर आजीविका की मजबूरी ऐसी कि चिकित्सकों के मना करने के बाद भी गाड़ी लेकर डिलीवरी को निकल रहे हैं और 10 से 14 घंटे सड़क पर गुजार रहे हैं। वे निराशा जताते हुए कहते हैं कि उन्हें कंपनियों की ओर से मास्क या बचाव के लिए अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही। वह चाहते हैं कि उन्हें अतिरिक्त वायु प्रदूषण शुल्क तथा स्वास्थ्य बीमा मिले।
एग्रीगेटर कंपनियों से जुड़कर सामान पहुंचाने का काम
मौजपुर की एकल मां तनूजा बताती हैं कि उनपर अपने बच्चों को पालने की जिम्मेदारी है। इसलिए वह प्रतिदिन सुबह स्कूटी उठाकर भोजन व घरेलू सामान एग्रीगेटर कंपनियों से जुड़कर सामान पहुंचाने का काम करती है, जो रात्रि तक चलता है।
वैसे, उन्हें चिकित्सक ने इस जानलेवा प्रदूषण में बाहर निकलने से मना किया है, क्योंकि उनकी आंखों से लगातार पानी आ रहा है, लेकिन वह यह काम नहीं करेंगी तो बेटी का पालन-पोषण कैसे होगा? उनके अनुसार, दिनभर के ईंधन का खर्च इंसेंटिव के रूप में निकालने के लिए उन्हें प्रतिदिन 25 डिलीवरी आर्डर पूरा करने का लक्ष्य है।
12 से 14 घंटे लगातार स्कूटी चलाती हैं
इसके लिए वह प्रतिदिन 12 से 14 घंटे लगातार स्कूटी चलाती हैं। जिसमें आंखों में जहरीली हवा ऐसे लगती है, जैसे किसी ने मिर्च झोंक दी हो। कपड़ा और मास्क बांधने के बावजूद बचाव नहीं हो पा रहा है।
मौजपुर की ही गिग वर्कर लता बताती हैं कि इस जहरीली हवा से वह बीमार हो जाए या कोई दुर्घटना हो जाए तो कंपनियां कोई सहायता नहीं देतीं। स्वच्छ पीने का पानी या विश्राम स्थल जैसे बुनियादी सुविधाएं न होने के कारण वर्कर्स को बार-बार मुंह-आंख पर पानी के छींटे मारकर काम चलाएं रखना पड़ रहा है।
सेहत बिगड़ी तो छोड़ना पड़ा शहर
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के मूल निवासी गिग वर्कर रोहित कुमार बताते हैं कि जाड़े की शुरुआत के साथ ही धुंध में सामने कुछ दिखाई नहीं देता। आंखों में धुंआ भर जाता है और सांस लेना मुश्किल हो जाता है। वह बताते हैं कि पिछले वर्ष प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें अपना काम छोड़कर दो-तीन महीनों के लिए गांव वापस जाना पड़ा था। इस बार भी स्थिति वैसी ही बन रही है।
जन पहल की वर्कर समन्वयक वंदना नारंग ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहती हैं कि गिग वर्कर्स असंगठित क्षेत्र का सबसे बड़ा तबका है। जो बिना किसी सामाजिक सुरक्षा के विपरीत मौसम और जानलेवा प्रदूषण में काम करने को मजबूर हैं।
कंपनियों और प्रशासन को इन श्रमिकों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इन्हें प्रदूषण भत्ता व एन95 मास्क और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधा मुहैया कराए जाने चाहिए।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: कूड़े के डंपर से कुचलकर 19 साल के युवक की मौत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
यह भी पढ़ें- प्रेग्नेंट नाबालिग पहुंची थी अस्पताल... भ्रूण के DNA ने खोली 63 साल के दरिंदे की पोल, कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।