गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: कूड़े के डंपर से कुचलकर 19 साल के युवक की मौत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय युवक को कूड़े के डंपर ने कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

डंपर की चपेट में आने से 19 साल के रोहित की मौत। जागरण
HighLights
गाजीपुर में 19 वर्षीय युवक को कूड़े के डंपर ने कुचला।
गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में हुई मौत।
पुलिस फरार चालक की तलाश में, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : गाजीपुर इलाके में बुधवार को सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय युवक को कूड़े के डंपर ने कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपित चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपित चालक की तलाश कर रही है।
गाजीपुर की संपेरा बस्ती का निवासी था मृतक
मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गाजीपुर की संपेरा बस्ती में रहता था। परिवार में पिता कैलाश नाथ, दो भाई व एक बहन है। रोहित की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है। जवान बेटे की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया रोहित गाजीपुर इलाके में सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कूड़े के डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके।
उधर, हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर डंपर की पहचान करने में जुटी है। पुलिस आरोपित चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली: कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में 29 वर्षीय युवक ने लगाई छलांग, तलाश जारी
यह भी पढ़ें- दिल्ली के बाद अब नोएडा में भी बैन हुई ये गाड़ियां: GRAP-3 लागू, नियम तोड़ने पर कटेगा भारी चालान