विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक बनेगा आधुनिक कॉरिडोर, 3.3 किलोमीटर सड़क का होगा कायाकल्प

Published: Sun, 01 Nov 2026 07:36 PM (IST)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किमी लंबे आधुनिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किमी कॉरिडोर।

  2. यातायात सुधार, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन।

  3. 12 ऐतिहासिक स्थानों का एकीकरण, परिचय उद्यान विकास।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक नेताजी सुभाष मार्ग को आधुनिक और आकर्षक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (आईवीपीएन) की ओर से तैयार की जा रही इस परियोजना के तहत दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक करीब 3.3 किलोमीटर सड़क का कायाकल्प किया जाएगा।इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

क्या है परियोजना का उद्देश्य

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी सुविधाएं विकसित करना है। विकास के साथ राजधानी की विरासत और सांस्कृतिक पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

तीन हिस्सों में बांटा गया क्षेत्र

परियोजना के तहत सड़क को उसकी चौड़ाई के अनुसार तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा कश्मीरी गेट से जीपीओ चौक तक, दूसरा जीपीओ से ब्रिज मोहन चौक और तीसरा ब्रिज मोहन चौक से दिल्ली गेट तक होगा।

इन हिस्सों में फुटपाथ, बस लेन, वाहन लेन, साइकिल ट्रैक, पार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए प्लाजा विकसित किए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे और बस स्टॉप को भी बेहतर किया जाएगा।

12 प्रमुख स्थानों के एकीकरण का प्रस्ताव

साथ ही अग्रसेन पार्क, लोथियान कब्रिस्तान, पुराना रेलवे स्टेशन चौक, लाल किला ग्रीन पॉकेट, लाल किले का दशहरा मेला स्थल, चांदनी चौक-लालकिला चौक, सुनहरी मस्जिद बाग, सुभाष पार्क, ब्रिज मोहन चौक, दिल्ली गेट चौक, एकता स्थल और हिंदी पार्क सहित 12 प्रमुख स्थानों और हरित क्षेत्रों के एकीकरण का प्रस्ताव है।

इससे मार्ग के आसपास उपलब्ध हरित स्थानों को बेहतर ढंग से विकसित करने और शहर के इस ऐतिहासिक हिस्से को अधिक आकर्षक बनाने की परिकल्पना की गई है।

दिल्ली गेट के पास बनेगा परिचय उद्यान

दिल्ली गेट के पास विरासत परिचय उद्यान विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां हरियाली, प्रतिमा, मंडप, बैठने की जगह और पार्किंग की सुविधा होगी। पूरे मार्ग पर पेड़-पौधे, फूलों की क्यारियां, हरित डिवाइडर और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली से 59 मिनट में आगरा और दो घंटे से कम समय में कानपुर, जानिए बुलेट ट्रेन से किन शहरों को मिलेगा फायदा?

यह भी पढ़ें- दिल्ली से शिमला और धर्मशाला के बीच हवाई सेवा का विंटर शेड्यूल जारी, उड़ानों के समय में किया गया बदलाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।