विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली पर आतिशबाजी से दिल्ली में हादसों का कहर, कई फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग; एम्स में पहुंचे 42 झुलसे मरीज

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:32 AM (IST)

दिल्ली में दीपावली पर पटाखों से 100 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से 42 एम्स पहुंचे और नरेला में एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

दिल्ली में दीपावली की रात आतिशबाजी पड़ी भारी। (जागरण आर्काइव)

दिल्ली में दीपावली की रात आतिशबाजी पड़ी भारी। (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. दिल्ली में पटाखों से 100 से अधिक लोग घायल हुए।

  2. नरेला में पटाखे से 10 वर्षीय बच्चे की दुखद मौत।

  3. दीपावली के बाद दिल्ली की हवा 'बेहद खराब' हुई।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दीपावली पर पटाखे फोड़ने की कीमत दिल्ली में कई लोगों को अस्पताल पहुंचकर चुकानी पड़ी। राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने के 100 से अधिक मरीज एम्स शाहिद दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचे हैं।

एम्स के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, नौ नवंबर को सुबह 11 बजे तक दीपावली से संबंधित चोटों के 42 मरीज पहुंचे। इनमें 37 पटाखों से झुलसे थे और दो पोटाश से जले थे। पांच मरीजों की सर्जरी करनी पड़ी और आठ अभी अस्पताल में भर्ती हैं।

उधर, नरेला में पटाखे की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। नजफगढ़ और नरेला में तीन फैक्ट्रियों में आग लगी, जबकि एक इमारत में आग लगने की घटना भी सामने आई।

एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे

एम्स में भर्ती 42 मरीजों में 11 गंभीर रूप से झुलसे थे। इनमें चार को आइसीयू और सात को वार्ड में रखा गया। 31 मरीजों को मामूली चोटें थीं। पांच मरीजों का आपरेशन किया गया। घायलों में सबसे छोटा बच्चा पांच साल का है। आठ साल का एक बच्चा शरीर का 45 प्रतिशत हिस्सा झुलसने के कारण गंभीर स्थिति में है।

10 से 18 वर्ष के बच्चों में अनार से चोट लगने के मामले सबसे अधिक सामने आए। अधिकांश मरीजों के हाथ झुलसे थे। पोटाश से जलने के दो मामलों में एक 13 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उम्र के अनुसार छह मरीज 10 वर्ष से कम, 12 मरीज 10 से 18 वर्ष, 22 मरीज 18 से 60 वर्ष और एक मरीज 60 वर्ष से अधिक का था।

नरेला में पटाखे से बच्चे की मौत

दीपावली की रात बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित राजीव कालोनी में पटाखे की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पूजा के बाद परिवार पटाखे जला रहा था, तभी एक राकेट बच्चे को लगा। परिजन उसे राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चोट लगने के तरीके को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

कुछ इस राकेट पेट में लगने, जबकि पुलिस के हवाले से पटाखा हाथ में फटने की बात कही गई है। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

तीन फैक्ट्रियों में आग, दमकल की 56 गाड़ियां पहुंचीं

नजफगढ़ के नांगली सकरावती में शाम 4:21 बजे गारमेंट फैक्ट्री में आग लगी। दमकल की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसी समय नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में भी आग लगी। आग दूसरी फैक्ट्री तक फैलने पर कुल 24 दमकल गाड़ियां लगानी पड़ीं।

रात 9:45 बजे आग पर काबू पाया गया। रात 8:33 बजे नरेला में ही एक रबर फैक्ट्री में अलग से आग लगी, जहां सात दमकल गाड़ियां भेजी गईं। इन तीनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। इन घटनाओं में कुल 56 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं।

इमारत में आग से मची अफरातफरी

दीपावली के दौरान उत्तम नगर में तीन मंजिला इमारत में भी आग लगने की घटना सामने आई। आग पार्किंग में खड़े वाहनों तक फैल गई। जान बचाने के लिए इमारत में मौजूद 15 लोगों ने पड़ोस के मकान में छलांग लगाई। इस घटना में किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

सुबह धुएं की चादर में लिपटी दिल्ली

दीपावली के अगले दिन सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) सुबह 6:15 बजे 366 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में था। कई निगरानी केंद्रों पर यह 400 के पार गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। दीपावली की रात 10 बजे औसत एक्यूआइ 371 था और 20 निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में थे। दिल्ली-एनसीआर में छह नवंबर से ही ग्रैप का तीसरा चरण लागू था।

यह भी पढ़ें- हाथ में अनार जलाते समय फटा पटाखा, दिल्ली में 10 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

यह भी पढ़ें- किडनी ट्रांसप्लांट के बाद जीवनभर की दवाएं भी 'मुफ्त इलाज' का हिस्सा: दिल्ली हाई कोर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।