आपका बैंक खाता भी हो सकता है साइबर ठगों का हथियार, दिल्ली में 300000 बैंक खातों तक पहुंची साइबर ठगी की रकम
साइबर अपराधी ठगी की रकम को छिपाने और निकालने के लिए म्यूल बैंक खातों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की हैं।

दिल्ली पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों को बंद करवा रही है। एआई इमेज
HighLights
साइबर ठग म्यूल खातों का उपयोग कर ठगी की रकम छिपाते हैं।
गरीब और बेरोजगार लोगों को लालच देकर खाते खुलवाए जाते हैं।
दिल्ली पुलिस ने सैकड़ों म्यूल खाते फ्रीज किए, कई गिरफ्तारियां कीं।
राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। साइबर अपराध की दुनिया में म्यूल बैंक खाते (किराये या लालच पर इस्तेमाल किए जाने वाले खाते) ठगों के लिए सबसे अहम कड़ी बन चुके हैं। जांच एजेंसियों और असली खातों से बचने के लिए साइबर अपराधी ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में घुमाते हैं (लेयरिंग), तुरंत नकद निकाल लेते हैं या फिर क्रिप्टोकरेंसी और हवाला के जरिए बाहर भेज देते हैं।
318 खाता धारक और 102 खाता मुहैया कराने वाले गिरफ्तार
पिछले 10 माह के केवल आईएफएसओ के आंकड़ों को देखें तो 318 खाता धारक और 102 खाता मुहैया कराने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
वहीं, दिल्ली में हुई साइबर ठगी मामले की जांच में ठगी की रकम दूसरे व तीसरे लेयर के करीब तीन लाख खातों में जाने की जानकारी मिली जिन्हें बंद करवा दिए गए।
म्यूल खातों पर लगाम लगाने के लिए आरबीआइ इनोवेशन हब का 'म्यूल हंटर एआई माॅडल', दूरसंचार विभाग का 'फाइनेंसियल फ्राॅड रिस्क इंडिकेटर' और एनसीआरपी मनी रिकवरी माॅड्यूल जैसी प्रणालियां सक्रिय की गई हैं।
पूरा नियंत्रण सिंडिकेट अपने पास है रखता
साइबर एक्सपर्ट पवन दुग्गल का कहना है कि साइबर सिंडिकेट कई बहाने म्यूल खाते खुलवाते हैं। छात्रों, बेरोजगार युवाओं, दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा-ठेली चालकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को हर महीने पांच हजार किराए का लालच देकर खाते खुलवाए जाते हैं।
नौकरी देने या वेतन खाता खुलवाने के बहाने भी दस्तावेज लेकर खाते खुलवा लिए जाते हैं। इनकी चेकबुक, एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग का पूरा नियंत्रण सिंडिकेट अपने पास रख लेता है।
रकम भेजकर लेते हैं झांसे में
फर्जी फर्म या कंपनियों को पंजीकृत कराकर उन फर्मों के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाए जाते हैं, ताकि पेमेंट गेटवे, क्यूआर कोड और पीओएस की सीमाओं का फायदा उठाया जा सके।
कई मामलों में बैंक कर्मचारियों या रिलेशनशिप मैनेजरों की संलिप्तता से केवाईसी नियमों में ढील दी जाती है। वहीं, कई बार छोटे कारोबारियों या आम लोगों के खातों में व्यापार या खरीदारी के नाम पर ठगी की रकम भेजकर उन्हें झांसे में ले लिया जाता है।
डिजिटल ट्रेल खंगालने में लगता है समय
पवन दुग्गल बताते हैं कि म्यूल खातों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने में कई व्यावहारिक और तकनीकी बाधाएं सामने आती हैं। ठगी का पैसा आते ही मिनटों में दर्जनों खातों में बांट दिया जाता है और एटीएम, पीओएस या क्रिप्टोकरेंसी के जरिए तुरंत निकाल लिया जाता है।
इससे खाते फ्रीज करने के लिए बहुत कम समय मिल पाता है। खाताधारक, हैंडलर, तकनीकी ऑपरेटर और क्रिप्टो व विदेशी संचालक अलग-अलग राज्यों या विदेशों में बैठे होते हैं। ऐसे में समन्वय और डिजिटल ट्रेल खंगालने में समय लगता है।
आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा
उनका कहना है कि बड़ी संख्या में नए खातों के खुलने, निष्क्रिय खातों में अचानक लेनदेन और फर्जी सिम व डिवाइस के इस्तेमाल के बीच हर संदिग्ध खाते को रियल-टाइम में रोक पाना पुलि के लिए बड़ी चुनौती रहती है। बैंक स्तर पर मिलीभगत होने से यह निगरानी तंत्र कमजोर पड़ जाता है।
इस साल दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ, जिला साइबर थानों और विशेष अभियानों (जैसे आपरेशन सायहाक) ने म्यूल खातों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बड़ी संख्या में संदिग्ध खाते फ्रीज किए और आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा।
किन कामों में होता है म्यूल खातों का प्रयोग?
इस साल म्यूल खातों का इस्तेमाल मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, शेयर मार्केट व आइपीओ ट्रेडिंग, पार्ट-टाइम टास्क, जाब फ्राॅड, एपीके व मैलवेयर और अवैध गेमिंग व सट्टेबाजी की रकम खपाने में किया गया।
साइबर ठगी/डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी कार्रवाइयां
यह भी पढ़ें- हथौड़े से सिर फोड़कर मोबाइल लूटने वाले दोनों आरोपित गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस से बचने के लिए बदलते रहे ठिकाने
यह भी पढ़ें- दिल्ली में खुले में कूड़ा जलाने पर जीरो टाॅलरेंस, निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश; रात-दिन होगी निगरानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।