दिल्ली के द्वारका में 100 करोड़ की लागत वाली विकास परियोजनाओं की CM रेखा गुप्ता आज करेंगी शिलान्यास
दिल्ली सरकार ने द्वारका विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये के मेगा बजट को मंजूरी दी है। ...और पढ़ें
-1778977418550_m.webp)
सीएम रेखा गुप्ता आज 100 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगी शिलान्यास।
HighLights
द्वारका के लिए 100 करोड़ रुपये का विकास बजट मंजूर।
सड़कें, नालियां, पार्क, बिजली-पानी की व्यवस्था सुधरेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज करेंगी परियोजनाओं का शिलान्यास।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विकास योजना के तहत क्षेत्र की कायापलट करने के लिए दिल्ली सरकार ने 100 करोड़ के मेगा बजट को मंजूरी दी है। इस राशि से द्वारका क्षेत्र की अनियोजित कालोनियों की सड़कों, नालियों, पार्कों, बिजली और पानी की व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाएगा।
स्थानीय विधायक और दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों ने इन जमीनी प्रोजेक्ट्स की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है, जिसका लोकार्पण और शिलान्यास आज प्रदेश की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करने जा रही हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद कमलजीत सहरावत, क्षेत्रीय विधायक प्रद्युम्न राजपूत भी मौजूद रहेंगे।
113 गलियों और नालियों का होगा निर्माण
द्वारका विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा अनियोजित कॉलोनियों के अंतर्गत आता है, जहां बुनियादी ढांचा सुधारने की सख्त जरूरत है। इसके लिए डीएसआइआइडीसी को 20 करोड़ का फंड जारी किया गया है। इस राशि से कैलाशपुरी एक्सटेंशन में 75 गलियों और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण होगा। महावीर एन्क्लेव में 27 गलियों और गीतांजलि पार्क व वैशाली में 11 गलियों व नालियों को पक्का किया जाएगा।
विधायक प्रद्युम्न राजपूत का कहना है कि डीएसआइआइडीसी ने पहले 50 करोड़ का एस्टिमेट भेजा था, जिसमें से 20 करोड़ मिल चुके हैं। अब बुनियादी विकास को और गति देने के लिए 97 करोड़ का अतिरिक्त एस्टिमेट बजट के लिए भेजा गया है। बजट पास होते ही विकास कार्यों का दायरा दोगुना हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग सुधारेगा रफ्तार
क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली मुख्य सड़कों और फ्लाईओवरों के नीचे के रास्तों को गड्ढा मुक्त और स्तरीय बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग 40 करोड़ रूपए खर्च करने जा रहा है। इस राशि से सागरपुर-कैलाशपुरी रोड से मंगलापुरी फ्लाईओवर तक की सड़क का पूरी तरह से कायाकल्प होगा। पंखा रोड फ्लाईओवर (ब्रह्मपुरी) से डाबड़ी चौक तक की सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
डाबड़ी-पालम रोड (डाबड़ी चौक से मंगलापुरी फ्लाईओवर) को नए सिरे से बनाकर ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विकास निधि, विधायक निधि और अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से मंगलापुरी वार्ड, डाबड़ी वार्ड और सागरपुर वार्ड की विभिन्न कालोनियों, सोसायटियों और डीडीए पाकेट्स में 150 से अधिक नई गलियां बनाई जाएंगी।
ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के साथ-साथ क्षेत्र के पार्कों का सुंदरीकरण किया जाएगा। नसीरपुर ड्रेन के किनारे एक चमचमाती साइड रोड का निर्माण होगा, जिससे स्थानीय लोगों को नया रास्ता मिलेगा।
चौपालों का होगा कायाकल्प
डाबड़ी चौपाल नंबर 1 और चौपाल नंबर 2 का पूरी तरह से आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही डाबड़ी श्मशान घाट का भी पुनर्निर्माण होगा।
दिल्ली जल बोर्ड और बिजली विभाग का 'एक्शन प्लान'
पानी-सीवर से जुड़ी समस्या की मुक्ति के लिए4.81 करोड़ की लागत से दिल्ली जल बोर्ड तीनों वार्डों के 24 चिन्हित समस्याग्रस्त क्षेत्रों में नई पानी और सीवर की पाइपलाइन बिछाएगा। पानी की किल्लत दूर करने के लिए नए ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे। बीएसईएस और विद्युत विभाग द्वारा सागरपुर, ब्रह्मपुरी, कैलाशपुरी, वशिष्ठ पार्क और महावीर एन्क्लेव में नए ट्रांसफार्मर लगाने, पुराने फीडर अपग्रेड करने और जर्जर केबलों को बदलने का काम शुरू हो चुका है, जिसका लोकार्पण किया जाएगा।
द्वारका विधानसभा क्षेत्र को समस्या मुक्त क्षेत्र बनाने के ध्येय पर हमलोग काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा 100 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्याें का शिलान्यास आज हो रहा है। विकास कार्यों की यह शुरुआत है। अभी हमलोगों को लंबा रास्ता तय करना है। - प्रद्युम्न राजपूत, विधायक, द्वारका विधानसभा क्षेत्र
यह भी पढ़ें- दिल्ली के जल निकाय: लापरवाही और भ्रष्टाचार से विलुप्त होते जलाशय, कई अतिक्रमण के शिकार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।