विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के जल निकाय: लापरवाही और भ्रष्टाचार से विलुप्त होते जलाशय, कई अतिक्रमण के शिकार

Published: Sun, 17 May 2026 05:30 AM (IST)

राजधानी दिल्ली में कागजों पर 1300 से अधिक जल निकाय हैं, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण अधिकांश विलुप्त ...और पढ़ें

दिल्ली में अधिकतर जल निकाय भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण विलुप्त।

दिल्ली में अधिकतर जल निकाय भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण विलुप्त।

HighLights

  1. दिल्ली में 1367 जल निकाय कागजों पर, 674 ही मौजूद।

  2. प्रशासनिक लापरवाही, भ्रष्टाचार से जल निकायों का अतिक्रमण।

  3. कई जल निकाय सूख गए या उन पर निर्माण हो गया।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। राजधानी में कागजों पर 13 सौ से अधिक जल निकाय हैं, परंतु जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। प्रशासनिक लापरवाही व भ्रष्टाचार के कारण इनमें से कई जल निकाय विलुप्त हो गए हैं। बचे हुए में से भी अधिकांश अतिक्रमण के शिकार हैं, इस कारण उन्हें मूल स्वरूप में वापस लाना बड़ी चुनौती है। जल निकायों की बदहाली का पता दिल्ली आर्द्रभूमि प्राधिकरण (डीएसडब्ल्यूए) द्वारा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में दी गई रिपोर्ट से भी चलता है।

वर्ष 2021 में राजस्व रिकार्ड के अनुसार दिल्ली में 1045 और उसके बाद जियोस्पेशियल दिल्ली लिमिटेड (जीएसडीएल) द्वारा उपग्रह चित्र से 322 अन्य जल निकायों की पहचान की गई थी। इस तरह से राजधानी में कागजों पर कुल 1367 जल निकाय हैं। राजस्व विभाग के रिकार्ड में चिन्हित 1045 में से सिर्फ 631 का अस्तित्व बचा हुआ है। वहीं, जीएसडीएल द्वारा पहचान की गई 322 में से सिर्फ 43 ही जमीन पर मिले हैं। यानी राजधानी में इस समय 674 जल निकायों का अस्तित्व है। इनमें से भी अधिकांश की स्थिति दयनीय है।

भौतिक विशेषताओं के अभाव के कारण जल निकायों की पहचान मुश्किल

एनजीटी के निर्देश पर डीएसडब्ल्यूए कागजों में उपलब्ध जल निकायों की पहचान और सीमांकन करने का कार्य कर रहा है। इसी वर्ष मार्च में उसके द्वारा दिए गए शपथपत्र के अनुसार दिल्ली विकास प्राधिकरण, राजस्व विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आने वाले कई जल निकायों पर या तो अतिक्रमण हो गया है या वे पूरी तरह से सूख गए हैं। कुछ स्थानों पर पक्के निर्माण होने के कारण वहां जल निकायों का पुनरुद्धार संभव नहीं है। वहीं, कई मामलों में भूगोलिक निर्देशांकों की अनुपलब्धता या पहचान योग्य भौतिक विशेषताओं के अभाव के कारण जल निकायों की पहचान मुश्किल है।

इससे स्पष्ट है कि दिल्ली में जल निकायों को संरक्षित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। जलाशयों की भूमि पर कहीं निजी लोगों ने अतिक्रमण कर लिया तो कई स्थानों पर सरकारी एजेंसियों द्वारा निर्माण कर दिए गए। कई स्थानों पर कचरा डालकर जलाशय को समाप्त कर दिया गया। इन्हें बचाने का काम सिर्फ कागजों पर हुआ।

दिल्ली में जल निकाय (सेटेलाइट इमेज vs जमीनी हकीकत)
जिला सूचीबद्ध जल निकाय सेटेलाइट इमेज जमीनी हकीकत
पूर्वी 46 4 0
उत्तर-पूर्वी 32 15 0
शहादरा 28 9 1
उत्तरी 196 79 0
उत्तर-पश्चिमी 135 32 4
दक्षिण 135 55 14
दक्षिण-पूर्वी 50 17 4
दक्षिण-पश्चिमी 274 56 7
पश्चिम 64 22 3
नई दिल्ली 62 12 3
मध्य 23 21 7
कुल 1045 322 43

स्रोत: दिल्ली आर्द्रभूमि प्राधिकरण की एनजीटी में रिपोर्ट

यह भी पढ़ें- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध, मानेसर एलिवेटेड निर्माण को लेकर आया ट्रैफिक प्लान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।