बुराड़ी में फिटनेस जांच शुरू न होने से ऑटो चालकों ने खोला मोर्चा, 20 नवंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी
परिवहन आयुक्त के निर्देशों के बावजूद बुराड़ी स्थित वाहन निरीक्षण इकाई में मैन्युअल फिटनेस जांच शुरू नहीं हो सकी, जिससे ऑटो-टैक्सी चालकों में रोष है।

बुराड़ी व्हीकल फिटनेस सेंटर पर हंगामा। (फोटो-आर्काइव)
HighLights
बुराड़ी VIU में मैन्युअल फिटनेस जांच शुरू नहीं हुई।
ऑटो-टैक्सी चालकों ने सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
20 नवंबर से मुख्यमंत्री आवास पर भूख हड़ताल की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। परिवहन आयुक्त के निर्देशों के बावजूद बुराड़ी स्थित वाहन निरीक्षण इकाई (वीआइयू) में बुधवार से मैन्युअल फिटनेस जांच प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। इससे आटो-टैक्सी चालकों में रोष व्याप्त है।
ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन के अध्यक्ष किशन वर्मा ने आरोप लगाया कि आयुक्त कार्यालय से 11 नवंबर से जांच शुरू करने का भरोसा मिला था।
हजारों चालक सेंटर पहुंचे
उसके बाद बुधवार सुबह हजारों चालक सेंटर पहुंचे, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति और ऑनलाइन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग न होने के कारण काम शुरू नहीं हुआ। किशन वर्मा ने कहा कि 27 अक्टूबर से फिटनेस बंद होने से चालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इसी तरह, उन्होंने अगले वर्ष एक जनवरी से लागू होने वाली ई-ऑटो नीति के तहत इलेक्ट्रिक वाहन थोपने का विरोध किया और सीएनजी-ई-ऑटो के चयन की स्वतंत्रता मांगी। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि 15 नवंबर तक फिटनेस, किराया बढ़ोतरी और वेलफेयर बोर्ड के गठन जैसी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 20 नवंबर से मुख्यमंत्री आवास पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।