पश्चिम एशिया में तनाव का असर, दिल्ली एयरपोर्ट से खाड़ी देशों की दर्जनों उड़ानें रद
पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से खाड़ी देशों की दर्जनों ...और पढ़ें
-1773598601861_m.webp)
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से कई उड़ानें रद।
HighLights
पश्चिम एशिया तनाव से दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित।
दुबई, अबू धाबी सहित कई खाड़ी देशों की उड़ानें रद्द।
एयरलाइंस ने यात्रियों को उड़ान स्थिति जांचने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा जोखिमों का असर अब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) हवाई अड्डे पर भी साफ दिखाई देने लगा है। रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हवाई अड्डा अधिकारियों द्वारा जारी नए परिचालन निर्देशों के बाद कई एयरलाइंस ने खाड़ी देशों के लिए अपनी उड़ानों में भारी कटौती कर दी। इसके चलते दिल्ली से दुबई, अबू धाबी और अन्य पश्चिम एशियाई शहरों के लिए दर्जनों उड़ानें रद हो गईं और सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, हालात को देखते हुए एयरलाइंस सीमित उड़ानों के साथ संचालन कर रही हैं और यात्रियों को लगातार फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी जा रही है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और कुछ क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध के कारण अंतरराष्ट्रीय विमानन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
दुबई और अबू धाबी मार्ग पर सबसे ज्यादा असर
रविवार सुबह जारी अपडेट के अनुसार एयर इंडिया ने दिल्ली से दुबई के लिए निर्धारित पांच उड़ानों में से चार को रद कर दिया है। फिलहाल केवल एक रिटर्न फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है, जो वहां उपलब्ध स्लाट और सुरक्षा स्थिति पर निर्भर है।एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई मार्ग पर स्थिति और गंभीर है। एयरलाइन की छह में से पांच उड़ानें रद कर दी गई हैं, जबकि दिल्ली से अबू धाबी जाने वाली सभी पांच निर्धारित उड़ानों को भी रद कर दिया गया है।
रिपोर्टों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के कारण एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुल मिलाकर करीब 14 उड़ानें रद की हैं। इधर इंडिगो ने दुबई सहित पश्चिम एशिया के सात प्रमुख शहरों दोहा, कुवैत, बहरीन, दम्माम, फुजैरा, रास अल खैमाह और शारजाह के लिए अपनी उड़ानों को आगामी 28 मार्च तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। इस समस्या के कारण रविवार को ही इंडिगो के लगभग 30 सेक्टर की उड़ाने प्रभावित हुई हैं, जो दिल्ली के कनेक्टेड थी।
लंबा हुआ उड़ानों का रूट, यात्रियों को सलाह
पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर पाबंदियों के कारण विमानों को वैकल्पिक और लंबे रूट से उड़ान भरनी पड़ रही है। इससे एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की खपत बढ़ गई है और उड़ानों की लागत में करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है।हालांकि राहत की बात यह है कि शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुछ उड़ानें सीमित शर्तों के साथ जारी हैं। वहीं जेद्दा और मस्कट के लिए उड़ानें फिलहाल निर्धारित समय पर संचालित हो रही हैं।
इस बीच सभी एयरलाइंस ने रद हुई उड़ानों के यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। दिल्ली एयरपोर्ट आपरेटर डायल और एयरलाइंस ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल एप पर अवश्य जांच लें।एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल में अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था, सहायता काउंटर और हेल्पडेस्क भी बढ़ाए गए हैं।
