विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi Pollution: दिल्ली की हवा लगातार 8वें दिन 'बेहद खराब', 12 इलाकों का AQI 400 के पार

Published: Fri, 21 Nov 2025 10:04 PM (IST)

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 364 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में है। 12 इलाकों में प्रदूषण 'गंभीर' ...और पढ़ें

दिल्ली की हवा लगातार 8वें दिन बेहद खराब श्रेणी में।

दिल्ली की हवा लगातार 8वें दिन बेहद खराब श्रेणी में।

HighLights

  1. दिल्ली का AQI 'बहुत खराब' श्रेणी में

  2. 12 इलाकों में प्रदूषण 'गंभीर'

  3. वाहनों से प्रदूषण का अधिक योगदान

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 364 पर आ गया। एक दिन की तुलना में आंशिक रूप से कम होने पर भी यह 'बहुत खराब' श्रेणी में बना रहा, जबकि 12 इलाकों में 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया। यह लगातार आठवां दिन था जब एक्यूआई 300 से ऊपर रिकॉर्ड हुआ।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार बृहस्पतिवार को औसत एक्यूआई 391, बुधवार को 392, मंगलवार को 374, सोमवार को 351 रहा था। सीपीसीबी के समीर एप, जो दिल्ली भर के सभी निगरानी केंद्रों से एक्यूआई रीडिंग प्रदर्शित करता है, के आंकड़ों से पता चला है कि 38 चालू केंद्रों में से 12 ने एक्यूआइ का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया, जबकि एक दिन पूर्व यह आंकड़ा 19 था। इनमें डीटीयू, बवाना, आनंद विहार, मुंडका, नरेला, रोहिणी, विवेक विहार, जहांगीरपुरी और अशोक विहार स्टेशन शामिल हैं, जहां एक्यूआई का स्तर 400 के स्तर को पार कर गया।

इस बीच, आइआइटीएम पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) ने अनुमान लगाया है कि शुक्रवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं का योगदान 16.2 प्रतिशत जबकि पराली जलाने से महज 1.8 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। शनिवार के लिए, इनका योगदान क्रमशः 14.9 प्रतिशत और 2.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उपग्रह से ली गई तस्वीरों में गुरुवार को पंजाब में 12, हरियाणा में दो और उत्तर प्रदेश में 98 खेतों में आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गईं।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 50 प्रतिशत दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए हल्के से मध्यम श्रेणी के कोहरे का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली रहेगी।

शुक्रवार को इन इलाकों की हवा रही सबसे खराब

दिल्ली: आज का वायु प्रदूषण स्तर (AQI) - 21 नवंबर 2025
इलाका AQI
आनंद विहार 417
अशोक विहार 403
बवाना 425
डीटीयू 406
जहांगीरपुरी 425
मुंडका 437
नरेला 410
नेहरू नगर 402
रोहिणी 411
विवेक विहार 412
वजीरपुर 425