नरेला में DDA फ्लैट्स के लिए टूट पड़े खरीदार, 1 घंटे के अंदर बिक गए 1648 फ्लैट; योजना के 4164 LIG बुक
डीडीए की नरेला आवास निवेश योजना 2026 के तहत सभी 4164 एलआईजी फ्लैट बुक हो गए हैं। दूसरे चरण में 1648 फ्लैट महज एक घंटे में बिक गए।

नरेला में डीडीए के 4164 फ्लैट्स बुक। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
डीडीए के सभी 4164 एलआईजी फ्लैट बुक हुए।
दूसरे चरण के 1648 फ्लैट एक घंटे में बिके।
नरेला दिल्ली का प्रमुख विकास केंद्र बन रहा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नरेला में किफायती आवास की मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि डीडीए की आवास निवेश योजना 2026 के तहत पेश किए गए सभी 4164 एलआईजी फ्लैट बुक हो चुके हैं।
योजना के दूसरे चरण में शामिल किए गए 1648 अतिरिक्त फ्लैटों की बुकिंग 29 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे शुरू हुई और महज एक घंटे के भीतर सभी फ्लैट बुक हो गए। इससे पहले पहले चरण में पेश किए गए 2516 फ्लैट भी 20 अक्टूबर को बुकिंग शुरू होने के दो घंटे के भीतर बुक हो गए थे।
बुकिंग शुरू होने के एक घंटे में सभी फ्लैट बुक
डीडीए के अनुसार, दूसरे चरण में नरेला के पाकेट-1, सेक्टर जी-2 से जी-6 में अतिरिक्त फ्लैट उपलब्ध कराए गए थे। इनका उद्देश्य संभावित खरीदारों को अपना घर खरीदने का एक और अवसर देना था। लेकिन बुकिंग शुरू होने के महज एक घंटे में सभी फ्लैट बुक हो जाने से किफायती आवास की मांग का पता चलता है।
नरेला की भूमिका मजबूत होने की उम्मीद
डीडीए के मुताबिक, नरेला का महत्व अब केवल आवासीय क्षेत्र तक सीमित नहीं है। यहां शैक्षिक, संस्थागत और खेल केंद्रों के विकास की संभावनाएं भी हैं। इससे दिल्ली के प्रमुख भावी विकास केंद्रों में नरेला की भूमिका मजबूत होने की उम्मीद है।
डीडीए इसे राजधानी में आवासीय विस्तार और किफायती आवास की जरूरत पूरी करने के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर डिजिटल निगरानी, CAQM का 'पवन' प्लेटफॉर्म एक क्लिक पर देगा 5 राज्यों का डेटा
यह भी पढ़ें- दिल्ली वोटर लिस्ट से हटाए गए 47.56 लाख नामों की दोबारा होगी जांच, घर-घर जाकर BLO करेंगे सत्यापन