विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सिर्फ सैर तक सीमित नहीं दिल्ली के पार्क, DDA ने शुरू की ऑनलाइन बुकिंग; स्कूलों को 1 रुपये में मिलेगी जगह

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:22 PM (IST)

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने पार्कों में विभिन्न गतिविधियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की नई नीति लागू की है, जिससे अब एक ही पोर्टल के माध्यम से कई आयोजन बुक किए जा सकेंगे। 

DDA के पार्क्स (फोटो: डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट से ली गई है)

DDA के पार्क्स (फोटो: डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट से ली गई है)

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने पार्क बुकिंग के लिए एक नई पॉलिसी लागू की है। इसके तहत अब एक ही ऑनलाइन पोर्टल से पार्क बुक किए जा सकेंगे। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है।

इसका मकसद पार्कों को सिर्फ टहलने की जगह से आगे बढ़ाकर लोगों को प्रकृति से जोड़ना है। अब पार्कों में योग, मेडिटेशन, कविता पाठ, किताबों पर चर्चा, नेचर वॉक, आर्ट एग्जीबिशन, कल्चरल प्रोग्राम और स्कूल की गतिविधियां भी हो सकेंगी।

एक ही पोर्टल से होगी पूरी बुकिंग

DDA ने इसके लिए सिंगल-विंडो ऑनलाइन पोर्टल बनाया है, जो DDA की वेबसाइट से जुड़ा होगा। इस पर जाकर लोग उपलब्ध पार्क, जगह, क्षमता और चार्ज की जानकारी देख सकेंगे।

आवेदन और पेमेंट भी ऑनलाइन ही होगा। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन आमतौर पर कार्यक्रम से कम से कम 5 दिन पहले देना होगा। इसके बाद जांच और मंजूरी की प्रक्रिया भी ऑनलाइन ही पूरी होगी।

महज 1 रुपये में करें पार्क की

स्कूल अब शैक्षणिक और मनोरंजन गतिविधियों के लिए सिर्फ 1 रुपये में पार्क की तय जगह बुक कर सकेंगे। इसमें स्कूल पिकनिक, पेंटिंग, फोटोग्राफी, डिबेट और कॉम्पिटिशन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

अगर स्कूल किसी अन्य काम के लिए पार्क बुक करेंगे, तो उन्हें 50% की छूट मिलेगी। इसके अलावा मान्यता प्राप्त कॉलेज, सरकारी विभाग, पीएसयू और ऑटोनॉमस बॉडी को भी बुकिंग चार्ज में 50% की छूट दी जाएगी।

कितने लोगों के लिए कौन सी कैटेगरी?

  • A1 कैटेगरी: 200 लोगों तक की छोटी गैदरिंग
  • A2 कैटेगरी: 200 से 500 लोगों तक की मीडियम गैदरिंग
  • A3 कैटेगरी: 500 से ज्यादा लोगों की बड़ी गैदरिंग

वहीं, एम्फीथिएटर जैसी खास सुविधाएं कैटेगरी-B में रखी गई हैं। इनके लिए हाफ-डे और फुल-डे बुकिंग का अलग सिस्टम होगा। टिकट वाले और बिना टिकट वाले कार्यक्रमों के लिए भी अलग नियम होंगे।

17 पार्कों में शुरू होगी बुकिंग

पहले चरण में चयनित प्रमुख पार्क-

  • स्वर्ण जयंती पार्क, रोहिणी
  • चित्रगुप्त पार्क
  • जी-8 लेक पार्क, हरि नगर
  • डिस्ट्रिक्ट पार्क, पश्चिम विहार
  • संदेश विहार, पीतमपुरा
  • द्वारका के डिस्ट्रिक्ट पार्क
  • इंद्रप्रस्थ पार्क
  • संजय लेक
  • असिता यमुना रिवर फ्रंट
  • कोरोनेशन पार्क
  • आस्था कुंज
  • हौज खास पार्क
  • बांसेड़ा
  • महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क

बुकिंग के लिए उपलब्ध एम्फीथिएटर-

  • इंद्रप्रस्थ पार्क
  • आस्था कुंज
  • उत्सव ग्राउंड
  • वसंत उद्यान
  • तुगलकाबाद
  • संजय लेक
  • कोरोनेशन पार्क

पार्क की सफाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी?

DDA ने पर्यावरण को बचाने पर भी खास जोर दिया है। असिता और महरौली जैसे संवेदनशील इलाकों में खास नियम लागू होंगे। रिज और फॉरेस्ट एरिया में कार्यक्रम सिर्फ सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही हो सकेंगे।

आयोजन करने वाली एजेंसी को ही भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, कचरे का निपटान और सफाई की जिम्मेदारी उठानी होगी। कार्यक्रम से पहले और बाद की GPS टैग वाली फोटो भी देनी होगी, ताकि पार्क की हालत पर नजर रखी जा सके।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ी फीस न भरने पर 13 विद्यार्थियों के नाम काटने का नोटिस, 26 नवंबर से स्कूल आने पर रोक

यह भी पढ़ें- शादियों की बुकिंग ने बिगाड़ा BJP का प्लान, सूरजकुंड के बजाय दिल्ली में होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।