दिल्ली: 5 मंजिल की परमिशन लेकर सात मंजिल का किया निर्माण, मॉल पर शिकायतों के बाद भी DDA खामोश
डीडीए ने नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक व्यावसायिक मॉल में स्वीकृत पांच मंजिलों के बजाय सात मंजिल के अवैध निर्माण की शिकायतों पर नोटिस जारी कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक व्यवसायिक निर्माण में अनियमितताओं को लेकर मिली शिकायतों पर डीडीए ने नोटिस जारी कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। जागरण
HighLights
नेताजी सुभाष प्लेस मॉल में स्वीकृत से अधिक मंजिलों का निर्माण।
डीडीए ने अवैध निर्माण की शिकायतों पर नोटिस देकर जांच रोकी।
डीएमआरसी को आवंटित जमीन पर बना है यह व्यावसायिक मॉल।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक व्यवसायिक निर्माण में अनियमितताओं को लेकर मिली शिकायतों पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने नोटिस जारी कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। डीडीए का कहना है कि इस संबंध में जांच चल रही है। जांच और सभी पक्षों की बात सामने आने पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
डीडीए ने डीएमआरसी को आवंटित की थी जमीन
तीन दिसंबर 2025 को जारी नोटिस के बाद से इस मामले की कार्रवाई और मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एशिया पेसिफिक नाम का यह माॅल जिस जमीन पर विकसित हुआ है, वह डीडीए ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को आवंटित की थी।
रैक स्लैब का निर्माण किया गया
निर्माण को लेकर स्थानीय पार्षद डाॅ. अमित नागपाल और अधिवक्ता विनय कुमार द्वारा डीडीए उपाध्यक्ष, एलजी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय को की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्वीकृत नक्शे में पांच मंजिलों की अनुमति के बावजूद मौके पर सात मंजिलों के साथ मेजेनाइन और रैक स्लैब का निर्माण किया गया।
शिकायत में 12 मीटर के फायर टेंडर सेटबैक में बाधा उत्पन्न होने और सातवीं मंजिल की छत पर व्यावसायिक रसोई संचालित किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया था। इसके अलावा जरूरी अनुमतियों के बिना माल के संचालन का आरोप लगाया गया था।
इन शिकायतों के बाद डीडीए ने डीएमआरसी को भी नोटिस जारी किया था। साथ ही रेरा दिल्ली से भी नोटिस जारी किया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।