मुजफ्फरपुर से दिल्ली तक ड्रग्स सप्लाई, 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम MDMA के साथ तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुजफ्फरपुर से ड्रग्स लाकर जींद, रोहतक और दिल्ली-सोनीपत सीमा पर बेचने वाले यश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जो वह 2022 से सप्लाई कर रहा था।

आरोपित पिछले कई साल से तस्करी का धंधा कर रहा था। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्कर यश बिश्नोई को पकड़ा।
656 ग्राम अफीम, 21 ग्राम एमडीएमए उसके पास से बरामद।
मुजफ्फरपुर से लाकर जींद, रोहतक, दिल्ली में बेचता था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बिहार के मुजफ्फरपुर से ड्रग्स खरीदकर उन्हें जींद, रोहतक और दिल्ली-सोनीपत सीमा से सटे गांवों में बेचने वाले एक ड्रग्स तस्कर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। तस्कर का नाम यश बिश्नोई है। इसके कब्जे से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। आरोपित पिछले कई साल से तस्करी का धंधा कर रहा था।
युवक कमर पर बैग लटकाए आता दिखाई दिया
क्राइम ब्रांच के डीसीपी चंद्र कुमार सिंह के अनुसार बीते 25 नवंबर को एसआइ प्रवीर सिंह अपनी टीम के साथ दिल्ली में अपराधियों की धरपकड़ के लिए गश्त पर थे। तभी शाम करीब सात बजे रोहिणी सेक्टर-34 स्थित बस स्टाप के पास बवाना नहर पुल की तरफ से एक संदिग्ध युवक कमर पर बैग लटकाए आता दिखाई दिया।
तलाशी लेने पर 656 ग्राम अफीम, 21 ग्राम एमडीएमए बरामद
बवाना इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ सड़क पार करते समय क्राइम ब्रांच की जैकेट पहने पुलिसकर्मियों को देखकर वह घबरा गया और अचानक मुड़कर बवाना नहर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान यश बिश्नोई, पिल्लूखेड़ा, जींद के रूप में हुई। उसके बैग की तलाशी लेने पर 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
सप्लाई जींद, रोहतक तथा सोनीपत से सटे बाहरी गांवों में
पूछताछ में यश बिश्नोई ने बताया कि 2015 में उसके पिता सुभाष ने मुरादाबाद में अपने एक सहकर्मी (चौकीदार) की हत्या कर दी थी और तब से वह फरार है। इसके बाद उसकी मां बबीता ने जींद जिले के पिल्लूखेड़ा गांव निवासी पवन से दूसरी शादी कर ली।
उसके बाद यश 2016 से अलग-अलग रूटों पर ट्रक और अन्य वाहन चलाकर अपना गुजारा कर रहा। इसी दौरान उसे अफीम के नशे की लत लग गई और वह हाईवे के ढाबों से अफीम लेकर पीने लगा।
जल्द पैसा कमाने के लालच में वह साल 2022 से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अफीम और एमडीएमए खरीदकर लाने लगा और इसकी सप्लाई जींद, रोहतक तथा सोनीपत से सटे दिल्ली के बाहरी गांवों में करने लगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।