विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

18 साल के युवक ने रचा करोड़ों के साइबर फ्रॉड का 'चक्रव्यूह', 12वीं पास करण ने देश के 22000 लोगों को कैसे ठगा?

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:48 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ने 18 वर्षीय करण कुमार द्वारा संचालित एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसने AI का उपयोग कर फर्जी APK फाइलें बनाईं और 22,000 से अधिक लोगों को 22 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया।

18 साल के लड़के ने साइबर ठगी के लिए एपीके फाइल बनाकर कई राज्यों में साइबर ठगों को बेचा। एआई इमेज

18 साल के लड़के ने साइबर ठगी के लिए एपीके फाइल बनाकर कई राज्यों में साइबर ठगों को बेचा। एआई इमेज

HighLights

  1. 18 वर्षीय मास्टरमाइंड ने AI से बनाया ठगी नेटवर्क।

  2. फर्जी APK फाइलों से 22 हजार लोगों को लूटा।

  3. दिल्ली पुलिस ने 17 ठगों को चार राज्यों से दबोचा।

स्वदेश कुमार, नई दिल्ली। उम्र महज 18 साल, लेकिन दिमाग ऐसा कि साइबर ठगी का पूरा नेटवर्क खड़ा कर दिया। एआई से सीखकर एपीके फाइल तैयार करने लगा और इसके जरिये इसने साइबर फ्राॅड का सबसे बड़ा चक्रव्यूह रच दिया, जिसमें 22 हजार से अधिक लोग फंस गए।

17 ठगों को यूपी, झारखंड, बंगाल और बिहार से दबोचा

गोरखपुर के बारहवीं पास करण कुमार ने एक और डेवलपर आजमगढ़ निवासी हर्ष सिंह को अपने साथ मिलाया। इसके बाद ठगी का ऐसा जाल बिछाना शुरू कर दिया, जिसके जरिये 22 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया। लेकिन दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिले की साइबर टीम ने ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसने चक्रव्यूह को न सिर्फ भेद दिया बल्कि इन दोनों के साथ तीन डिस्ट्रीब्यूटर और 17 ठगों को भी उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड, बंगाल और बिहार से दबोच लिया।

नामी कंपनियों के एपीके करते थे तैयार

इस गिरोह के पर्दाफाश से पहली बार ऐसी कहानी सामने आई जो बताती है कि साइबर ठगी का गाेरखधंधा कितना संगठित होकर चल रहा है। एक निजी कंपनी के प्रोडक्ट को लोगों तक पहुंचाने के लिए जिस तरह से सप्लाई चेन काम करती है, ठीक उसी तरह से ये गिरोह भी काम कर रहा था।

सबसे पहले डेवलपर ऐसे एपीके तैयार करते थे, जो देखने में किसी असली एप की तरह लगते थे। इनमें आईजीएल, ई-चालान और बैंकिंग एप जैसे नामों और टेम्पलेट का इस्तेमाल किया जाता था।

डिस्ट्रीब्यूटर अलग-अलग राज्यों में एपीके फाइल साइबर ठगों को देते 

इसके बाद इन एपीके फाइल को डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचाया जाता था। डिस्ट्रीब्यूटर इन्हें अलग-अलग राज्यों में बैठे साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। ठग अलग-अलग बहानों से लोगों को ये एपीके फाइल इंस्टाल करने के लिए प्रेरित करते थे।

जैसे ही कोई व्यक्ति अपने मोबाइल में ऐसी फाइल इंस्टाल करता था, आरोपितों को उसके बैंकिंग क्रेडेंशियल तक अनधिकृत पहुंच मिल जाती थी। इसके बाद बैंक खाते से रकम निकालकर दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दी जाती थी।

डेवलपर की गिरफ्तारी से सामने आया नेटवर्क 

पुलिस की जांच में करण कुमार की भूमिका मुख्य रूप और सबसे पहले सामने आई। उसने मुख्य एपीके फाइल और उसके टेम्पलेट तैयार किए थे। इसके बाद 24 वर्षीय हर्ष सिंह की गिरफ्तारी हुई। इन दोनों डेवलपर की गिरफ्तारी इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में अहम साबित हुई।

पुलिस कैसे पहुंची गिरोह तक?

  • पुलिस ने इस नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पिछले तीन महीनों में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज एक हजार से अधिक एपीके धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों का विश्लेषण किया।
  • जांच के दौरान 20 से अधिक ऐसे मामले सामने आए, जिनमें ठगी का तरीका एक जैसा था।
  • फिर पुलिस ने अलग-अलग नामों से इस्तेमाल की जा रही 32 एपीके फाइल का फोरेंसिक विश्लेषण किया। इनकी कोडिंग और डेवलपर के बीच संबंध तलाशे गए।
  • टेलीग्राम पर सक्रिय 56 से अधिक संदिग्ध प्रोफाइल की पड़ताल की गई।
  • डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस डेवलपर तक पहुंची और फिर उनके जरिये डिस्ट्रीब्यूटर तथा साइबर ठगों की पहचान की गई।

साइबर ठगों के 11 ग्रुप थे सक्रिय

जांच में पता चला कि इस नेटवर्क के तहत 11 अलग-अलग साइबर ठग समूह सक्रिय थे। इनके अलग-अलग कोड नाम थे। इन समूहों के सदस्य झारखंड, बिहार और आसपास के इलाकों से काम कर रहे थे।

ट्रेन में पूरा कोच बुक करवाकर दिल्ली से झारखंड पहुंची पुलिस

इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के निर्देश पर साइबर टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर विकास बुडलक के नेतृत्व में 64 पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई। दिल्ली से झारखंड तक टीम को एक साथ पहुंचाने के लिए ट्रेन का पूरा कोच बुक किया गया। टीम धनबाद स्टेशन पहुंची और वहां से जामताड़ा, देवघर तथा आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू की गई। कुल 14 स्थानों को छापेमारी के लिए चिह्नित किया गया था।

रात के अंधेरे में छापेमारी, खेतों में पीछा कर पकड़े आरोपित

पुलिस टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्थानीय परिस्थितियां और आरोपितों को छापेमारी की भनक लगने से रोकना था। कुछ स्थानों पर भीड़ ने पुलिस टीम का विरोध किया। कुछ लोग ईंट लेकर सामने आ गए और छापेमारी रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद टीम ने कार्रवाई जारी रखी। कई आरोपित पुलिस को देखकर खुले खेतों की ओर भागे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पैदल पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

चक्रव्यूह टूटते ही शिकायतों में आई 50 प्रतिशत तक की कमी

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कार्रवाई 11 से 15 नवंबर के बीच की गई थी। इनकी गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में ऐसी शिकायतें 50 प्रतिशत से अधिक घट गईं। दो से 10 नवंबर के बीच 1406 शिकायतें मिली थीं, जबकि 11 से 17 नवंबर के बीच इनकी संख्या 724 रह गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े कई ठग फरार भी हुए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।

साइबर ठगों की सूची

डेवलपर

नाम उम्र निवासी
करण कुमार 18 गोरखपुर
हर्ष सिंह 24 आजमगढ़

डिस्ट्रीब्यूटर

नाम उम्र निवासी
दीपेश पटेल 19 शेखपुरा, बिहार
सोनू कुमार वर्मा 26 गिरीडीह, झारखंड
जयनंदन दास 30 जमुई, बिहार

साइबर ठगों के ग्रुप

जीआरवी-1 (सभी आरोपित जामताड़ा, झारखंड के)

नाम उम्र
जाफिर अंसारी 25
मोहम्मद अजर अंसारी 29
अहमद रजा 27
आमिर हमजा 21
मोहम्मद आसिफ 20

प्रोफेसर

नाम उम्र निवासी
राहुल मंडल 22 दुमका, झारखंड

जेएचबी-1

नाम उम्र निवासी
तरजन भारती 22 जमुई, बिहार
विक्रम बास 22 जमुई, बिहार

जीटी 15

नाम उम्र निवासी
मंजूर अंसारी 27 देवघर, झारखंड
मनीरुद्दीन अंसारी 28 देवघर, झारखंड

आरवी 69

नाम उम्र निवासी
जिबलाल मंडल 24 गिरिडीह, झारखंड

पीओएस 14

नाम उम्र निवासी
मोहम्मद अजमुल अंसारी 25 देवघर, झारखंड
संतोष - जामताड़ा, झारखंड
अजय कुमार मंडल 21 जामताड़ा, झारखंड
मुकेश मंडल 28 जामताड़ा, झारखंड
पवन कुमार मंडल 20 जामताड़ा, झारखंड

आरई 25

नाम उम्र निवासी
नीरज कुमार दास 23 देवघर, झारखंड

आरओएसके

नाम उम्र निवासी
बिक्की कुमार दास 18 जमुई, बिहार

यह भी पढ़ें- दिल्ली में नर्सरी दाखिले के लिए आज 1700 से ज्यादा स्कूल बताएंगे नियम और अंक, मनमानी पर शिक्षा निदेशालय की नजर

यह भी पढ़ें- पहली बार दिल्ली के LG हाउस पहुंचेंगे PM मोदी, प्रकाश पर्व पर विशेष शबद कीर्तन में लेंगे हिस्सा; क्‍यों खास यह दौरा?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।