विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में नहीं बिक रहे कचरे से तैयार प्रोडक्ट्स, रीसाइक्लिंग सिस्टम पर उठे सवाल; रोज निकल रहा 6156 टन मलबा

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:06 AM (IST)

दिल्ली में प्रतिदिन निकलने वाले भारी निर्माण मलबे का प्रसंस्करण तो हो रहा है, लेकिन रीसाइक्लिंग से बने उत्पादों के खरीदार नहीं मिल रहे हैं, जिससे सर्कुलर इकोनॉमी पर सवाल उठ रहे हैं। 

रिंग रोड पर केशोपुर मंडी के पास सड़क पर जमा मलबा। जागरण

रिंग रोड पर केशोपुर मंडी के पास सड़क पर जमा मलबा। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली में प्रतिदिन 6156 टन निर्माण मलबा निकलता है।

  2. रीसाइक्लिंग के बाद भी उत्पादों के खरीदार नहीं मिल रहे।

  3. मौजूदा नियमों को लागू करना और बाजार बनाना जरूरी।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। कचरे को उपयोगी संसाधन बनाने के लिए रीसाइक्लिंग संयंत्र तो देशभर में बन रहे हैं, लेकिन उनसे तैयार उत्पादों के खरीदार नहीं मिल रहे हैं। दिल्ली में निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाला मलबा इसकी बड़ी मिसाल है। यहां प्रतिदिन करीब 6156 टन मलबा निकलता है, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 में केवल 2676.3 टन प्रतिदिन का ही प्रसंस्करण हो पाया। यानी 56.5 प्रतिशत मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण का अंतर बना रहा।

नियमित खपत सुनिश्चित करना भी जरूरी

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की नवंबर- 2026 में जारी राष्ट्रीय सर्कुलर इकोनामी फ्रेमवर्क की चौथी रिपोर्ट 'फ्राॅम विजन टू इंप्लीमेंटेशन' के मुताबिक, देश में अब नई नीतियां बनाने से ज्यादा जरूरी मौजूदा नियमों को लागू करना और पुनर्चक्रित सामग्री के लिए बाजार तैयार करना है। रिपोर्ट बताती है कि कचरे से उत्पाद बनाने की क्षमता बढ़ाने के साथ उनकी नियमित खपत सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

दिल्ली में तैयार माल का भी संकट

डीपीसीसी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में निर्माण मलबे के प्रसंस्करण के लिए पांच संयंत्र हैं, जिनकी कुल क्षमता 5150 टन प्रतिदिन है। इनमें चार एमसीडी और एक दिल्ली मेट्रो का संयंत्र है। वर्ष 2024-25 में करीब 12.08 लाख टन मलबे का प्रसंस्करण हुआ, लेकिन इससे बने उत्पादों में से केवल 7.28 लाख टन की ही सरकारी विभागों और निजी खरीदारों ने खपत की। यानी तैयार सामग्री का करीब 60 प्रतिशत ही इस्तेमाल हो पाया।

अलग नीति दस्तावेज भी अब तक तैयार नहीं

इन संयंत्रों में कंक्रीट ब्लॉक, ईंटें, रेत और सड़क निर्माण में काम आने वाली सामग्री तैयार होती है। वर्ष 2016 के आदेश में भवन निर्माण में कम से कम दो प्रतिशत, सड़क निर्माण में 10 प्रतिशत और निजी निर्माण के गैर-संरचनात्मक कार्यों में पांच प्रतिशत पुनर्चक्रित सामग्री इस्तेमाल करने का प्रविधान है। इसके बावजूद पूरी खपत नहीं हो रही। दिल्ली में निर्माण एवं विध्वंस कचरे के प्रबंधन के लिए अलग नीति दस्तावेज भी अब तक तैयार नहीं हुआ है।

पुराने कचरे और खुले में जलाने की चुनौती

निर्माण मलबे के अलावा पुराने कचरे का निस्तारण भी बड़ी समस्या है। दिसंबर 2025 में सीएक्यूएम ने एमसीडी को 143.09 लाख टन पुराने कचरे का दिसंबर 2027 तक निस्तारण करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कचरे और जैविक अपशिष्ट को खुले में जलाने की घटनाएं जारी रहने पर चिंता जताई गई थी।

सीआईआई के प्रमुख सुझाव...

  • नई नीतियां बनाने के बजाय मौजूदा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
  • रीसाइक्लिंग प्रमाणपत्र जारी करने से पहले वास्तविक प्रसंस्करण का सत्यापन हो।
  • पुनर्चक्रित उत्पादों की गुणवत्ता और कीमत के स्पष्ट मानक बनाए जाएं।
  • सरकारी निर्माण व सड़क परियोजनाओं में पुनर्चक्रित सामग्री का इस्तेमाल बढ़ाया जाए।
  • रीसाइक्लिंग उत्पादों पर जीएसटी की दर तर्कसंगत बनाई जाए।
  • बड़े कचरा उत्पादकों को पंजीकरण और निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाए।
  • संयंत्रों को कच्चे माल की नियमित आपूर्ति व तैयार उत्पादों के खरीदार सुनिश्चित किए जाएं।
  • कपड़ा, जूते सहित अन्य क्षेत्रों में लंबित उत्पादक जिम्मेदारी योजनाएं लागू हों।
  • मरम्मत और दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी राइट टू रिपेयर व्यवस्था बनाई जाए।

"भारत के पास सर्कुलर इकोनामी का वैश्विक केंद्र बनने का अवसर है। इसके लिए केवल रीसाइक्लिंग नहीं, बल्कि संसाधनों के उत्पादन, इस्तेमाल, पुनर्प्राप्ति और दोबारा उपयोग की पूरी व्यवस्था को मजबूत करना होगा। नीति, तकनीक, निवेश और उद्योगों के बीच तालमेल से आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी संभव है।"

-मसूद मलिक, अध्यक्ष, ‘वेस्ट टू वर्थ टेक्नोलाॅजीज: एनेबलिंग सर्कुलर इकोनाॅमी लीडरशिप (2026-27)’ पर राष्ट्रीय समिति, सीआईआई।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: 5 मंजिल की परमिशन लेकर सात मंजिल का किया निर्माण, मॉल पर शिकायतों के बाद भी DDA खामोश

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर से दिल्ली तक ड्रग्स सप्लाई, 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम MDMA के साथ तस्कर गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।