कनॉट प्लेस में महिला CRPF जवान को मारा थप्पड़, तिरंगा मार्च को लेकर 6 नई FIR; दिल्ली पुलिस ने कसा शिकंजा
कनाॅट प्लेस में तिरंगा मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीआरपीएफ जवान से मारपीट और ...और पढ़ें

सीजेपी के तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की 6 नई एफआईआर। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कनॉट प्लेस में शुक्रवार को निकाले गए तिरंगा मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
इस दौरान एक युवती के महिला सीआरपीएफ जवान पर थप्पड़ मारने, निषेधाज्ञा के उल्लंघन और प्रतिबंधित क्षेत्र में भीड़ जुटाने के आरोप में छह नई FIR दर्ज की गई हैं।
पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की भी पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, मारपीट, लोगों को परेशान करने और धमकाने से जुड़े कम से कम 10 वीडियो की पुष्टि की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को हुए प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर छह नई FIR मुख्य रूप से कनॉट प्लेस और संसद मार्ग थानों में दर्ज की गई हैं।
इनमें लोक सेवक के आदेश की अवहेलना, अवैध जमावड़े और अन्य संबंधित आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में भी अलग से FIR दर्ज की गई है।
कनॉट प्लेस में शुक्रवार शाम को जब प्रदर्शनकारी इनर सर्किल में इकट्ठा हुए और तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे उसी बीच एक युवती ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 6 पर प्रदर्शनकारियों और यूट्यूबर्स के आड़ में दिल्ली पुलिस, अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ बदतमीजी की।
यूट्यूबर बनकर आई युवती ने सीआरपीएफ की महिला जवान को थप्पड़ जड़ दिया। महिला जवान सीआरपीएफ में तैनात है। वारदात का एक सीसीटीवी इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हुआ।
अब तक 25 FIR हुईं दर्ज
इन नई प्राथमिकियों के बाद सीजेपी के आंदोलन से जुड़े मामलों में FIR की कुल संख्या करीब 25 हो गई है। पिछले एक सप्ताह से नई दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि निषेधाज्ञा लागू रहने के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति जुटने और सुरक्षा व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान
प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम की जांच के लिए पुलिस इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए गए वीडियो खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न इंटरनेट मीडिया हैंडल पर साझा किए गए वीडियो में मारपीट, धमकी देने और लोगों को परेशान करने की घटनाएं सामने आई हैं।
इनके आधार पर संबंधित लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई
शुक्रवार के घटनाक्रम के बाद कनॉट प्लेस, सेंट्रल पार्क, संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
पुलिसकर्मियों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि दोबारा अनधिकृत जमावड़ा न हो और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रदर्शनकारी संगठनों की ओर से पुलिस कार्रवाई का विरोध जारी है।
यह भी पढ़ें- 'कैसा लगता है', जेल से रिहाई के बाद अभिजीत दीपके ने पोस्ट की शाहरुख खान की तस्वीर
यह भी पढ़ें- CJP नेता अभिजीत दीपके को कोर्ट से सशर्त मिली जमानत, दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार
