CJP के बाद अब कांग्रेस भी आक्रामक, 'वोट चोरी' के खिलाफ सोमवार को दिल्ली में फिर राहुल गांधी का प्रदर्शन
दिल्ली में मतदाता सूची पुनरीक्षण और 'वोट चोरी' के मुद्दे पर कांग्रेस सोमवार को फिर प्रदर्शन करेगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जाएगी।

सोमवार को कांग्रेस फिर दिल्ली की सड़कों पर उतरेगी। फोटो: आर्काइव
HighLights
कांग्रेस 'वोट चोरी' और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर प्रदर्शन करेगी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी
राहुल, प्रियंका, खरगे ने मुद्दे पर अपनी सक्रियता दिखाई
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर दिल्ली में चार दिन तक प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस अब सोमवार को फिर सड़क पर उतरने की तैयारी में है।
पार्टी की मांग है कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियों की जवाबदेही तय हो और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। शनिवार को कांग्रेस के शीर्ष नेता अलग-अलग मोर्चों पर सक्रिय रहे।
राहुल गांधी चेन्नई में छात्रों से संवाद कर रहे थे, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंटरनेट मीडिया पर दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और आवाजाही बाधित किए जाने का मुद्दा उठाया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार के प्रदर्शन की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया।
राहुल का छात्रों से संवाद, प्रियंका का सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने शनिवार को चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया। दिल्ली में लगातार चार दिन के प्रदर्शन के बाद युवाओं के बीच उनका यह कार्यक्रम पार्टी के जनसंपर्क अभियान का हिस्सा रहा।
वहीं, प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि दिल्ली में विपक्षी सांसदों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया गया। प्रियंका ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया के निधन पर शोक भी जताया।
खरगे ने भी उठाया कार्रवाई का मुद्दा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और दिल्ली की घेराबंदी पर आपत्ति जताई। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। खरगे ने भी दीपक बाबरिया के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
देवेंद्र यादव ने संभाली दिल्ली में तैयारी की कमान
केंद्रीय नेताओं के अलग-अलग मोर्चों पर सक्रिय रहने के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार के प्रदर्शन की तैयारी तेज की। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से फोन पर बातचीत की और कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश दिए।
प्रदर्शन का स्थान अभी तय नहीं है, लेकिन पार्टी की प्रमुख मांगें एसआइआर के विरोध, कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर जवाबदेही और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर केंद्रित रहेंगी।
अलग अलग पोस्ट में देवेंद्र यादव को श्रद्धांजलि दी, दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकडा को हिरासत में लेने का विरोध जताया और राहुल गांधी का एक वीडियो संदेश रिपोस्ट किया।
यह भी पढ़ें- वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को सत्ता बदलने का संग्राम बनाएंगे राहुल गांधी, चेन्नई में किया एलान
यह भी पढ़ें- 'ये मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई', भाजपा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला
