'ये मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई', भाजपा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला
भाजपा ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है, जिसमें एलन मस्क के बयान और विपक्ष के ...और पढ़ें
-1791654123800_m.webp)
भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा ने राहुल गांधी पर 'मोदी बनाम मीर जाफर' का आरोप लगाया।
एलन मस्क प्रकरण पर राहुल के बयान को लेकर कांग्रेस को घेरा।
'वोट चोरी' के आरोपों पर राहुल को 'नालायक नेता' बताया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । सड़क पर कभी कांग्रेस, कभी आम आदमी पार्टी (आप) और कभी काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन को एलन मस्क प्रकरण के साथ भी क्रोनोलाजी के रूप में जोड़ते हुए भाजपा ने करारा प्रहार किया है।
खासतौर पर जिस तरह से अमेरिकी उद्योगपति और टेस्ला प्रमुख एलन मस्क ने भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर अनुचित टिप्पणी की है, उस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मस्क के भारत में स्वागत को लेकर जो बयान दिया गया, उस पर भाजपा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।
राहुल के ताजा बयान और पूर्व में कांग्रेस नेता जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेत के विरोधाभाषी बयान को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि यह मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है। ये कुछ ऐसे लोग हैं, जो सत्ता के लिए देश को भी गिरवी रख सकते हैं। सड़क पर अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी का उद्देश्य बिना चुनाव जीते और बिना चुनाव लड़े सत्ता पर काबिज होना और बिना मेहनत किए प्रधानमंत्री बन जाना है। वामपंथी नेताओं द्वारा भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए पात्रा ने कहा कि यह लोकतंत्र ही है कि वह हमारे कार्यालय तक पहुंच पाए और प्रदर्शन किया। लेकिन नक्सलवाद समाप्त हो गया है और आगे भी समाप्त ही रहेगा।
नक्सलवाद देश में नहीं चलेगा। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही अंग्रेजों तथा घुसपैठियों से इस देश को बचाएंगे। यह बात बिल्कुल स्पष्ट रहे कि मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई में भारत की जनता प्रधानमंत्री मोदी और देश के साथ खड़ी है।
उन्होंने 140 करोड़ जनता से अपील की है कि हमें चट्टान की तरह पीएम मोदी के पीछे खड़े रहना है, उन्हें शक्ति देनी है और देश को मजबूत बनाना है। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर अराजकता फैलाने के प्रयास विफल हुए और लोकतंत्र की जीत हुई। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर वोट चोरी के झूठे आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
राहुल को बताया नालायक नेता, कहा-राष्ट्रपति को क्यों नहीं दिए वोट चोरी के सुबूत
डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि कल कुछ राजनेता राष्ट्रपति भवन गए थे। राष्ट्रपति भवन से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी का बयान एक नालायक नेता के बयान जैसा था। वह देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे लोगों के प्रति जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह उचित नहीं है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि राष्ट्रपति को सड़क की लड़ाई में घसीटने का प्रयास किया गया हो।
आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की सड़कों पर जिस अराजकता को फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, उसी में राष्ट्रपति को भी घसीटने की कोशिश की गई। राहुल गांधी ने दावा किया कि वे वोट चोरी के मुद्दे पर राष्ट्रपति के पास गए थे और राष्ट्रपति भी उनकी बात से सहमत थीं।
डा. पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रपति ने उनकी बात स्वीकार कर ली और उसी सांस में यह भी कहा कि यदि उनके पास कोई सुबूत है तो वे उसे भी दें।
यदि सुबूत थे तो वे उन्हें लेकर क्यों नहीं गए। जब राष्ट्रपति ने सुबूत मांगे तो राहुल ने कहा कि वे बाद में सुबूत देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने स्वयं अपने आचरण से यह साबित किया है कि वह भारत में किसी उच्च पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए पर्याप्त जिम्मेदार नहीं हैं।
