'डबल इंजन सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध', बोलीं CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और दिल्ली को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
-1783269049872_m.webp)
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।
HighLights
दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक राजधानी बनाने का संकल्प।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन के कार्य।
प्रदूषण मुक्त और हरित दिल्ली के लिए ठोस कदम उठाए गए।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। रविवार को प्रदेश की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरि नगर, जनकपुरी एवं राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्रों में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के तहत आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए परिवर्तनकारी विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को रेखांकित किया। सभाओं के दौरान पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत के साथ जनकपुरी में प्रदेश के मंत्री आशीष सूद, हरिनगर में क्षेत्रीय विधायक श्याम शर्मा व राजौरी गार्डन में प्रदेश के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
विकास को अंतिम पायदान तक पहुंचाना ही मुख्य लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक नई और मजबूत पहचान बनाई है। आज देश सुदृढ़ अर्थव्यवस्था, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में विकास को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया गया है और इसी संकल्प के साथ दिल्ली भी एक विकसित राजधानी बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
घोषणाएं नहीं, पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर
मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि प्रत्येक योजना का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बीते महीनों में दिल्ली सरकार द्वारा उठाए गए निर्णायक कदमों की जानकारी दी, जिसमें सड़कों और ड्रेनेज नेटवर्क को मजबूत करना, जल एवं सीवर व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं का आधुनिकीकरण और डिजिटल गवर्नेंस शामिल हैं।
प्रदूषण मुक्त और हरित दिल्ली के लिए ठोस कदम
राजधानी की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण के लिए व्यापक अभियान चला रही है। इस दृष्टिकोण के तहत स्वच्छ यमुना अभियान, दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति-2026, विंटर एक्शन प्लान और 'स्वच्छ हवा-स्वस्थ दिल्ली' परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है।
इसके साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रीन ड्राइव के तहत 70 लाख पौधारोपण का बड़ा लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने साफ किया कि यह बदलाव केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम जनता के सहयोग से ही संभव है।
युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता
दिल्ली को निवेश के लिए आकर्षक बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं के सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए नीतियां निरंतर काम कर रही हैं।
उन्होंने जनता से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में दिल्ली अग्रणी भूमिका निभाएगी।
यह भी पढ़ें- सेंट्रल और वेस्ट दिल्ली के बीच नई बस सेवा '753 एक्सटेंशन' शुरू, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।