विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के 'शीशमहल' से पंजाब सरकार तक, रेखा गुप्ता AAP पर बोलीं- जनता प्रचार और हकीकत में फर्क समझे

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:20 PM (GMT+05:30)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर दिल्ली में खोखले वादे और प्रचार करने का आरोप लगाया, जिसे अब वह पंजाब में दोहरा रही है। उन्होंने 'शीशमहल' का उदाहरण देते हुए करदाताओं के धन के दुरुपयोग पर सवाल उठाया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। फाइल फोटो

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। फाइल फोटो

HighLights

  1. AAP पर खोखले वादे और प्रचार का आरोप।

  2. 'शीशमहल' को करदाताओं के धन का दुरुपयोग बताया।

  3. दिल्ली-पंजाब की जनता से हकीकत परखने की अपील।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 12 वर्षों तक दिल्ली में शासन करने वाली इस पार्टी ने विकास के नाम पर केवल खोखले वादे और प्रचार किया, और अब वह पंजाब को भी उसी राह पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग इस शासन मॉडल का अनुभव कर चुके हैं, जबकि पंजाब की जनता भी सरकार के कामकाज का बारीकी से आकलन कर रही है।

'शीशमहल' और करदाताओं के धन के उपयोग पर सवाल

मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्लीवासी लंबे समय से उस भव्य निर्माण की सच्चाई देखना चाहते थे और अब पंजाब के लोगों को भी इसे देखना चाहिए ताकि वे आम आदमी पार्टी की प्राथमिकताओं को समझ सकें।

उन्होंने आरोप लगाया कि करदाताओं की कमाई को बुनियादी विकास और जनकल्याण में लगाने के बजाय निजी विलासिता, विज्ञापनों और राजनीतिक प्रचार में खर्च किया गया। उनके मुताबिक, लंबे कार्यकाल के बावजूद दिल्ली की बुनियादी समस्याएं जस की तस रहीं, अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा और जन-अपेक्षाएं अधूरी रहीं।

पंजाब के शासन मॉडल पर निशाना

पंजाब का संदर्भ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के लोगों ने बेहतर शासन, रोजगार और मजबूत जनसुविधाओं की उम्मीद से आप को मौका दिया था, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं को हल करने के बजाय प्रचार और दावों तक सीमित दिखी।

उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व जनता की परेशानियां दूर करना है, न कि सरकारी संसाधनों से अपनी छवि चमकाना। उनके अनुसार, एक ओर दिल्ली का आम नागरिक बुनियादी जरूरतों के लिए जूझता रहा और दूसरी ओर जनता के धन से 'शीशमहल' जैसी विलासिता खड़ी की गई।

जनहित में जागरूक निर्णय लेने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सरकारी खजाने का हर रुपया जनहित व विकास पर खर्च होना चाहिए। उन्होंने दिल्ली और पंजाब दोनों राज्यों के नागरिकों से अपील की कि वे शासन के वास्तविक रिकॉर्ड को परखें तथा प्रचार और जमीनी हकीकत में फर्क करते हुए अपने हित में जागरूक फैसला लें।

यह भी पढ़ें- मां दुर्गा और भगवान शिव के बीच जीसस क्राइस्ट की तस्वीर? हिटलर की किताबें और फटी कुर्सी...'शीशमहल' में क्या-क्या?

यह भी पढ़ें- अंदर से कैसा दिखता है केजरीवाल का पूर्व 'शीशमहल'? 20 रुपये का टिकट लेकर आप भी घूमें; छात्रों-बुजुर्गों की एंट्री फ्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।