नई दिल्ली में DTC बसों का बदला जाएगा रूट, 10 अक्टूबर सुबह 5 बजे से होगा डायवर्जन; CJP प्रदर्शन का असर
दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर डीटीसी बस सेवाओं में बदलाव करने को कहा है।

दिल्ली में डीटीसी बसों के संचालन को लेकर आदेश जारी।
HighLights
10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन प्रस्तावित
दिल्ली पुलिस ने डीटीसी बस सेवाओं में बदलाव का अनुरोध किया
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के कारण रूट नियंत्रित किए जाएंगे
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने डीटीसी बस सेवाओं के संचालन में जरूरी बदलाव करने का आदेश दिया है।
नई दिल्ली जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-1 मंजीत ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर प्रभावित मार्गों पर जरूरत के अनुसार बसों का संचालन नियंत्रित करने और डायवर्जन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।
सुबह 5 बजे से लागू करने होंगे निर्देश
8 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले के अन्य स्थानों पर सीजेपी व दूसरे संगठनों की ओर से प्रदर्शन, धरना और विरोध कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
पुलिस ने आशंका जताई है कि इनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है।
इसी को देखते हुए डीटीसी से कहा गया है कि प्रभावित मार्गों पर पुलिस के साथ समन्वय कर बस सेवाओं को नियंत्रित किया जाए या जरूरत के अनुसार उनका रूट बदला जाए। ये व्यवस्था 10 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से स्थिति सामान्य होने तक लागू रखने का अनुरोध किया गया है।
बसें और कर्मचारी उपलब्ध रखने को कहा
पुलिस ने डीटीसी से पर्याप्त संख्या में बसें और स्टाफ उपलब्ध रखने को कहा है, ताकि सार्वजनिक परिवहन प्रभावित न हो। बस चालकों और परिचालकों समेत संबंधित कर्मचारियों को यातायात और सुरक्षा से जुड़े पुलिस के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जाएगा।
पत्र में जंतर-मंतर के आसपास और अन्य संवेदनशील व वीवीआईपी स्थानों पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया गया है। इसका उद्देश्य यातायात सुचारु रखना, आम लोगों की आवाजाही में सुविधा बनाए रखना और कानून-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करना है।
पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-1 मंजीत ने डीटीसी से आवश्यक सहयोग देने और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। पत्र में नई दिल्ली जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर 23362229 और 8750870599 भी दिए गए हैं।
