विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 अक्टूबर को बंद रहेगा दिल्ली का दिल 'कनॉट प्लेस', CJP Protest पर व्यापारियों का फैसला; PM को पत्र

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:49 PM (IST)

कनॉट प्लेस में 10 अक्टूबर को संभावित 'काकरोच जनता पार्टी' के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने प्रतिष्ठान बंद रखने की सलाह दी है।

सीजेपी प्रदर्शन के चलते बंद रहेगा कनॉट प्लेस। फोटो: आर्काइव

सीजेपी प्रदर्शन के चलते बंद रहेगा कनॉट प्लेस। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. कनॉट प्लेस 10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन के कारण बंद रहेगा

  2. NDTA ने सुरक्षा कारणों से प्रतिष्ठान बंद रखने की सलाह दी

  3. CTI ने त्योहारी सीजन में प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस (सीपी) 10 अक्टूबर को पूरी तरह बंद रहने के आसार हैं।

जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन की आशंका और सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक एडवाइजरी सर्कुलर जारी कर सभी दुकानदारों, कार्यालयों और रेस्त्रां मालिकों को 10 अक्टूबर को एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की सख्त सलाह दी है।

वहीं दूसरी ओर, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है।

सुरक्षा के लिहाज से बंद का आह्वान

NDTA के अध्यक्ष अतुल भार्गव द्वारा जारी आधिकारिक परामर्श पत्र में कहा गया है कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में संभावित हिंसक प्रदर्शन, जाम और अप्रिय घटनाओं से बचाव के लिए एहतियात बरतना बेहद जरूरी है।

NDTA ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संपत्ति के नुकसान और शारीरिक चोट से बचने के लिए वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए 10-10-2026 को व्यापार बंद रखें और मुस्तैद रहें।

CTI ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

इसी कड़ी में व्यापारियों की संस्था CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र भेजकर मांग की है कि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रि से लेकर दीपावली तक जंतर-मंतर, संसद मार्ग और लुटियंस दिल्ली में किसी भी बड़े धरना-प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

CTI ने कहा कि त्योहारी सीजन दिल्ली के 15 लाख व्यापारियों के लिए साल का सबसे बड़ा कारोबारी मौका होता है, जिसे लगातार हो रहे प्रदर्शनों की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता।

70 प्रतिशत तक गिरा कारोबार

CTI के महासचिव गुरमीत अरोड़ा और रमेश आहूजा ने बताया कि पिछले हफ्ते भर में बार-बार रास्ते और मेट्रो स्टेशन बंद होने से दिल्ली के मुख्य बाजारों का व्यापार चरमरा गया है। CTI के ताजा सर्वे के मुताबिक कारोबार में भारी गिरावट आई है। दिल्ली का कुल व्यापार घटकर महज 30 प्रतिशत रह गया है।

  • बाहरी ग्राहकों का अभाव: अन्य राज्यों से रोजाना आने वाले दो से तीन लाख व्यापारी घटकर केवल 40-50 हजार रह गए हैं।
  • स्थानीय खरीदारों की भी कमी: स्थानीय ग्राहकों की संख्या में भी 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है।

व्यापारी संगठनों की तीन प्रमुख मांगें

  • त्योहारी सीजन में रोक: 11 अक्टूबर से दीपावली तक दिल्ली के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित हों।
  • संख्या सीमा तय हो: जंतर-मंतर और आसपास 1000 से अधिक लोगों के जुटने की अनुमति न दी जाए।
  • वैकल्पिक स्थान: शहर के बीचों-बीच प्रदर्शनों के बजाय बाहरी दिल्ली (जैसे बुराड़ी या रामलीला मैदान) में स्थायी 'प्रोटेस्ट जोन' बनाया जाए।

यह भी पढ़ें- CJP के प्रदर्शन से पहले नमो भारत के 2 स्टेशन बंद, 25 घंटे तक नहीं मिलेगी सुविधा; आनंद विहार से करें सफर