विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CJP के प्रदर्शन से पहले नमो भारत के 2 स्टेशन बंद, 25 घंटे तक नहीं मिलेगी सुविधा; आनंद विहार से करें सफर

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:13 PM (IST)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सराय काले खाँ और न्यू अशोक नगर नमो भारत ...और पढ़ें

दो नमो भारत ट्रेन स्टेशन रहेंगे बंद। फोटो: आर्काइव

दो नमो भारत ट्रेन स्टेशन रहेंगे बंद। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. CJP प्रदर्शन के चलते दिल्ली में नमो भारत स्टेशन बंद

  2. सराय काले खाँ, न्यू अशोक नगर 25 घंटे तक बंद रहेंगे

  3. ट्रेनें चलेंगी, पर इन स्टेशनों पर चढ़ने-उतरने की सुविधा नहीं

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसी के मद्देनजर सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया गया है। दोनों स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।

स्टेशनों को बंद रखने की अवधि करीब 25 घंटे होगी। हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी।

यानी इस दौरान ट्रेन परिचालन जारी रहेगा, लेकिन सराय काले खाँ और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर यात्रियों को चढ़ने-उतरने की सुविधा नहीं मिलेगी।

CJP के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा सख्त

10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया है।

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और परिवहन संबंधी कई प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का फैसला भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।

यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने की सलाह

नमो भारत स्टेशन बंद रहने के दौरान यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है। खासकर सराय काले खां और न्यू अशोक नगर से यात्रा शुरू करने या यहां उतरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।

हालांकि, आनंद विहार से मोदीपुरम के बीच नमो भारत ट्रेनें सामान्य समय-सारणी के अनुसार चलती रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन जाने से पहले संबंधित सेवाओं की स्थिति की पुष्टि कर लें।

यह भी पढ़ें- CJP Protest LIVE: CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में अलर्ट, मेट्रो और ट्रेन के बाद नमो भारत सेवा भी रहेगी प्रभावित