दिल्ली में लुका-छिपी के खेल के दौरान दर्दनाक हादसा, ट्रांसफार्मर के पीछे छिपने गया था बच्चा; करंट लगने से मौत
दिल्ली के विकासपुरी में लुका-छिपी खेलते समय 12 वर्षीय बच्चे आशीष रंजन की ट्रांसफार्मर से करंट लगने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास का हिस्सा खुला था और नंगे तार लटके हुए थे।

दिल्ली में करंट लगने से किशाेर की मौत। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। विकासपुरी के इंदिरा कैंप नंबर-4 स्थित डीडीए मार्केट कांप्लेक्स में बिजली ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशीष रंजन के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।
ट्रांसफॉर्मर के पीछे छिपने गया था आशीष
आशीष के पिता अवधेश पेशे से श्रमिक हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे आशीष दोस्तों के साथ मार्केट परिसर में लुका-छिपी खेल रहा था। इसी दौरान वह छिपने के लिए ट्रांसफॉर्मर के पीछे चला गया और करंट की चपेट में आ गया।
खुले पड़े ट्रांसफॉर्मर के आसपास लटके थे तार
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर के आसपास का हिस्सा लंबे समय से खुला पड़ा था। बिजली के नंगे तार भी लटके थे। अंधेरे में आशीष को ट्रांसफॉर्मर के पीछे की जगह प्लाईबोर्ड जैसी दिखाई दी और वह वहां छिपने चला गया।
जब काफी देर तक आशीष नहीं मिला तो दोस्तों ने उसे तलाशना शुरू किया। इस दौरान वह ट्रांसफॉर्मर के पास बेसुध पड़ा मिला। बच्चों ने तुरंत उसके घर वालों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बुलाया गया।
बिजली आपूर्ति बंद कर निकाला गया शव
बिजली की आपूर्ति बंद करने के बाद बच्चे का शव बाहर निकाला गया। बच्चे की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।