विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बैंक्वेट हाल में बड़ा हादसा, ETP टैंक में गिरे 2 कर्मचारी; एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:58 PM (GMT+05:30)

गाजीपुर गांव के एमिनेंस बैंक्वेट हाल में ईटीपी मोटर बदलते समय दो कर्मचारी टैंक में गिर गए। करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है; पुलिस लापरवाही की जांच कर रही है।

बैंक्वेट हॉल के ईटीपी में गिरे कर्मचारी की मौत। फोटो: आर्काइव

बैंक्वेट हॉल के ईटीपी में गिरे कर्मचारी की मौत। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गाजीपुर गांव स्थित एमिनेंस बैंक्वेट हाल में ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की खराब मोटर बदलने के दौरान दो कर्मचारी अचानक टैंक में गिर गए। टैंक में डूबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।

जांच में सामने आया है कि मोटर ठीक करने के दौरान उन्हें करंट लग गया, जिसके चलते दोनों गिर गए। पुलिस की जांच में घटनास्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं मिले।

मामले में लापरवाही से मौत का केस दर्ज कर पुलिस बैंक्वेट हाल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मोटर बदलते समय टैंक में गिरे दोनों कर्मचारी

मूलरूप से एटा के रहने वाले इलेक्ट्रीशियन 35 वर्षीय किशन और 28 वर्षीय रवि गाजीपुर गांव के एमिनेंस बैंक्वेट हाल में ही रहते थे। बैंक्वेट हाल में बृहस्पतिवार शाम ईटीपी से पानी बाहर निकालने वाली मोटर खराब हो गई थी।

दोनों इसे बदल रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक टैंक में गिर गए। हादसे के बाद उनके साथी सौरव दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे।

जहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। रवि का उपचार जारी है। पोस्टमार्टम के बाद किशन का शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

करंट लगने के बाद टैंक में गिरने की आशंका

पुलिस के अनुसार रवि की मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया है कि गिरने से पहले उसे करंट भी लगा था। ऐसे में आशंका है कि करंट लगने के बाद दोनों टैंक में गिरे और डूबने से किशन की मौत हो गई।

पुलिस को रवि की हालत बेहतर होने का इंतजार है, इसके बाद रवि के बयान दर्ज किए जाएंगे।

टैंक में लटका मिला बिजली का तार, सुरक्षा इंतजाम नहीं

हादसे की जांच के दौरान बैंक्वेट हाल की लापरवाही भी सामने आई है। बैंक्वेट हाल के किचन में यह ईटीपी लगा था। छह फीट गहरे टैंक में तार लटक रहा था। इस दौरान करंट से बचने के लिए कोई इंतजाम भी नहीं किए गए थे।

साथ ही दोनों कर्मचारियों को लाइफ जैकेट या रस्सी भी नहीं दी गई थी। आसपास पानी होने के चलते करंट फैलने की भी आशंका थी। पुलिस के अनुसार टैंक पर ढक्कन लगा था, जिसे हटाकर दोनों मोटर बदल रहे थे।

डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बार-बार जुर्माने के बाद भी मजे में दिल्ली के वाहन मालिक, 1421 गाड़ियों पर 100 से ज्यादा चालान; नोटिस जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।