विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बार-बार जुर्माने के बाद भी मजे में दिल्ली के वाहन मालिक, 1421 गाड़ियों पर 100 से ज्यादा चालान; नोटिस जारी

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:13 PM (IST)

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 1,421 ऐसे वाहनों की पहचान की है जिन पर 100 या उससे अधिक चालान लंबित हैं। इनमें व्यावसायिक और निजी वाहन शामिल हैं, जिनके मालिकों को अब परिवहन विभाग नोटिस भेज रहा है।

दिल्ली में 1421 गाड़ियों पर 100 से ज्यादा चालान। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली में 1421 गाड़ियों पर 100 से ज्यादा चालान। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली में 1,421 वाहनों पर 100 से अधिक चालान लंबित।

  2. इनमें 723 व्यावसायिक और 600 निजी कारें शामिल हैं।

  3. परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों को नोटिस भेजना शुरू किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों को बार-बार तोड़ना अब वाहन मालिकों को भारी पड़ेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे 1,421 वाहनों की पहचान की है, जिनमें से प्रत्येक के खिलाफ 100 या इससे अधिक ट्रैफिक चालान जारी हो चुके हैं। इनमें 723 व्यावसायिक वाहन और 600 निजी कारें शामिल हैं।

नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों की सूची में निजी और व्यावसायिक, दोनों श्रेणियों के वाहन बड़ी संख्या में हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इन वाहनों की सूची कार्रवाई के लिए दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग के आयुक्त को भेज दी है। विभाग ने संबंधित वाहनों के पंजीकृत मालिकों को नोटिस भेजने भी शुरू कर दिए हैं।

चालान के बाद भी नियमों की अनदेखी

यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस की चिंता केवल लंबित चालानों की संख्या को लेकर नहीं है, बल्कि उन वाहन चालकों की आदत को लेकर भी है, जो बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। किसी वाहन पर 100 याइससे अधिक चालान होना इस बात का संकेत है कि कई बार कार्रवाई के बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रही।

Delhi (40)

ऐसे वाहन सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों, खासकर पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।

जांच के दौरान हजारों वाहन चिह्नित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जोन-एक ने जांच के दौरान इन 1,421 वाहनों को चिह्नित किया है। इनमें 85 दोपहिया वाहन और 13 अन्य श्रेणियों के वाहन भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके चालान और नियम उल्लंघन के इतिहास की जानकारी परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई है।

विभाग से मोटर वाहन अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत प्रत्येक मामले की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

पंजीकृत मालिकों की तय होगी जवाबदेही

परिवहन विभाग अब वाहन मालिकों को नोटिस भेजकर उनके वाहनों के उल्लंघन का ब्योरा सामने रख रहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों और उनके पंजीकृत मालिकों की जवाबदेही तय हो।

खासकर व्यावसायिक वाहनों के मामले में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अलग-अलग चालक वाहन चलाते हुए लगातार नियमों का उल्लंघन तो नहीं कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- राइट टू प्राइवेसी से ऊपर है बच्चे का अपने बायोलॉजिकल पिता को जानने का हक, DNA टेस्ट पर दिल्ली HC की मुहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।