Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कृत्रिम जलकुंडों में दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य

    By JagranEdited By:
    Updated: Fri, 20 Nov 2020 09:52 PM (IST)

    जागरण संवाददाता दक्षिणी दिल्ली कोरोना महामारी के कारण इस बार सार्वजनिक स्थलों पर छठ प ...और पढ़ें

    Hero Image
    कृत्रिम जलकुंडों में दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : कोरोना महामारी के कारण इस बार सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा नहीं की गई। शुक्रवार को लोगों ने छत, आंगन व लॉन में टब आदि में पानी भरकर उसमें अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। इस दौरान जगह-जगह छठ गीत बजते रहे। छठ व्रतियों ने अपने व परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। लोगों ने भगवान सूर्य से प्रार्थना की कि पूरी दुनिया से जल्द कोरोना महामारी का अंत हो जाए और लोग फिर से स्वस्थ माहौल में रह सकें। दक्षिणी दिल्ली के गोविदपुरी, कालकाजी, अंबेडकर नगर, संगम विहार, चिराग दिल्ली, गौतम नगर, गौतमपुरी, बदरपुर, हौजखास, ग्रीन पार्क, तिगड़ी, देवली, ईस्ट ऑफ कैलाश, आश्रम, मालवीय नगर, वसंत कुंज, वसंत विहार आदि इलाकों में लोगों ने कृत्रिम जलकुंड बनाकर उनमें भगवान सूर्य को अ‌र्घ्य दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महापौर ने कृत्रिम जलकुंड में दिया अ‌र्घ्य

    दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर अनामिका ने बदरपुर के हरिनगर वार्ड में अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य देकर छठ पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के मद्देनजर शारीरिक दूरी के नियमों और कोविड-19 के सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए ही इस समारोह का आयोजन किया गया है। इस मौके पर सभी लोग कृत्रिम जलकुंडों में मास्क पहनकर पहुंचे। महापौर ने बताया कि भगवान सूर्य को ग्रंथों में प्रत्यक्ष देवता बताया गया है, जिन्हें हम खुद देख सकते हैं। सूर्य ऊर्जा का स्रोत है। सूर्य की किरणों में रोग प्रतिरोधक क्षमता है। कोरोना के चलते इस बार हम इस पर्व को भव्य रूप से नहीं मना पा रहे हैं। छठ मइया से प्रार्थना है कि इस महामारी का जल्द अंत हो और फिर से दुनिया स्वस्थ और खुशहाल हो सके। समारोह में लोगों को मास्क भी बांटे गए और सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई थी। समारोह में आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिग भी की गई।

    प्लास्टिक के टब बन गए कृत्रिम जलकुंड

    कोरोना महामारी के कारण सार्वजनिक स्थलों पर पूजा करने पर रोक के कारण किसी ने प्लास्टिक के टब को कृत्रिम जलकुंड की तरह इस्तेमाल किया तो किसी ने पॉलीथिन से जलकुंड बनाया। ओखला फेस-1 में लोगों ने सड़क पर पॉलीथिन का जलकुंड बनाकर उसमें अ‌र्घ्य दिया। चिराग दिल्ली में लोगों ने अपने घरों की छतों पर टब में पानी भरकर पूजा की। चिराग दिल्ली छठ पूजा समिति के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने बताया कि इसके लिए लोगों को टब भी बांटे गए थे। उधर, गौतम नगर में भी लोगों ने छतों पर कृत्रिम जलकुंड बनाकर पूजा की, जिसमें स्थानीय विधायक सोमनाथ भारती भी शामिल हुए। सैदुलाजाब के पार्षद संजय ठाकुर ने घर की छत पर सीमेंटेड जलकुंड बनवाकर उसमें पूजा की। मदनपुर खादर गांव में एसडीएमसी के पूर्व उपमहापौर बीर सिंह ने लोगों को घर पर ही पूजा करने के लिए पूजा सामग्री बांटी। उन्होंने कहा कि सभी लोग शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क भी लगाकर रखें।