विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में प्रदूषण कंट्रोल की नई तकनीक, CAQM के 'पवन' प्लेटफार्म से 5 राज्यों की लाइव निगरानी

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:20 PM (IST)

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 'पवन' नामक एक एकीकृत डिजिटल कमांड सेंटर लॉन्च किया है। 

सीएक्यूएम का पवन कमांड सेंटर। (फोटो: जागरण)

सीएक्यूएम का पवन कमांड सेंटर। (फोटो: जागरण)

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वालों के साथ अब उन सरकारी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रहेगी, जिनकी जिम्मेदारी प्रदूषण रोकना है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने इसके लिए एकीकृत डिजिटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तैयार किया है।

''पवन'' नाम के इस प्लेटफार्म पर दिल्ली सहित पांच राज्यों के प्रदूषण स्रोतों, नियमों के उल्लंघन और सरकारी कार्रवाई का पूरा ब्योरा एक क्लिक पर उपलब्ध होगा। यानी कहां प्रदूषण फैल रहा है, किस एजेंसी को इसकी सूचना दी गई एवं उसने क्या कदम उठाया, इसकी डिजिटल निगरानी की जा सकेगी।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के आंकड़ों को एक मंच पर लाने वाली इस व्यवस्था में 30 से अधिक एपीआइ और डेटा स्रोतों को जोड़ा गया है। इसके जरिये 111 एयर क्वालिटी मानिटरिंग स्टेशन, 2300 से अधिक उद्योगों और 3200 से ज्यादा सक्रिय निर्माण स्थलों पर नजर रखी जाएगी। यातायात के लिहाज से संवेदनशील स्थानों से मिलने वाले आंकड़े भी इसमें शामिल होंगे।

उद्योगों और निर्माण स्थलों की गड़बड़ी तुरंत पकड़ में आएगी

प्लेटफार्म के जरिये उद्योगों से निकलने वाले पीएम, सल्फर डाइआक्साइड, नाइट्रोजन आक्साइड और कार्बन मोनोआक्साइड के उत्सर्जन की निगरानी होगी।

ऑनलाइन मानिटरिंग सिस्टम से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर तय मानकों से अधिक उत्सर्जन करने वाली इकाइयों की पहचान की जा सकेगी। निर्माण स्थलों पर लगे कैमरों और पीएम सेंसर से धूल नियंत्रण के उपायों की निगरानी होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी को अलर्ट के साथ उसका स्क्रीनशाट भी भेजा जाएगा।

कृषि अवशेष जलाने से लैंडफिल तक की निगरानी

कृषि अवशेष जलाने की घटनाओं का पता लगाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, इसरो और अन्य स्रोतों से मिलने वाले उपग्रह आंकड़ों का इस्तेमाल होगा। पिछले छह वर्षों के आंकड़ों से तुलना कर पराली जलाने वाले जिलों और हाटस्पाट की पहचान की जा सकेगी।

ओखला, भलस्वा, गाजीपुर, ग्रेटर नोएडा और भंडवारी लैंडफिल साइटों की गतिविधियों पर भी कैमरों से नजर रखी जाएगी। कूड़े के निस्तारण के निर्धारित लक्ष्य और वास्तविक प्रगति का मिलान भी होगा।

शिकायतों के निस्तारण से सड़कों की सफाई तक

ग्रीन दिल्ली और समीर एप पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी इस प्लेटफार्म पर देखी जा सकेगी। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की लोकेशन और तैनाती से यह पता लगाया जा सकेगा कि वे निर्धारित क्षेत्रों में वास्तव में काम कर रही हैं या नहीं।

इसके अलावा पांचों राज्यों की वार्षिक कार्ययोजनाओं के 40 से अधिक बिंदुओं और 11 क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा होगी। किसी निर्देश का पालन नहीं होने पर संबंधित एजेंसी को अलर्ट भेजा जाएगा और

कार्रवाई की स्थिति भी अपडेट करनी होगी।

सीएक्यूएम के सदस्य सचिव तरुण पिथौड़े के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य अलग-अलग विभागों और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाना और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की प्रभावशीलता का आकलन करना है। भविष्य में इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का इस्तेमाल करने की भी योजना है।

यह भी पढ़ें- बिश्नोई गैंग से जुड़े वकील नंदा की बुलेटप्रूफ वैन की मांग खारिज, दिल्ली कोर्ट ने दिया तिहाड़ में अलग रखने का आदेश

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ी फीस न भरने पर 13 विद्यार्थियों के नाम काटने का नोटिस, 26 नवंबर से स्कूल आने पर रोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।