दिल्ली कैंट में 50 वर्गमीटर से छोटा प्लाॅट है तो भी बनवा सकेंगे मकान? 25 साल के कब्जे पर मालिकाना हक नहीं
दिल्ली छावनी परिषद ने दिल्ली कैंटोनमेंट बिल्डिंग बायलॉज, 2026 के मसौदे को अंतिम अधिसूचना के लिए आगे बढ़ाया है। नए नियमों से छोटे प्लाट पर मकान बनाने और आपदा से क्षतिग्रस्त भवनों के पुनर्निर्माण में राहत मिलेगी।

दिल्ली छावनी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त भवनों के पुनर्निर्माण से जुड़े नियम बदलने जा रहे हैं। एआई इमेज
HighLights
50 वर्गमीटर से छोटे प्लाट पर भी मकान संभव।
आपदा प्रभावितों को सूचना देने के लिए अधिक समय।
केवल कब्जे के आधार पर लीज अधिकार नहीं मिलेगा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली छावनी क्षेत्र में मकान बनाने, पुराने निर्माण को नियमित कराने और आपदा से क्षतिग्रस्त भवनों के पुनर्निर्माण से जुड़े नियम बदलने जा रहे हैं। दिल्ली छावनी परिषद ने 18 नवंबर को हुई विशेष बोर्ड बैठक में आपत्तियों और सुझावों पर विचार के बाद दिल्ली कैंटोनमेंट बिल्डिंग बायलाज, 2026 के मसौदे को अंतिम अधिसूचना के लिए आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
कब्जे के आधार पर लीज अधिकार नहीं मिलेगा
इससे खासकर छोटे पुराने प्लाॅट पर मकान बनाने वाले परिवारों और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लंबे समय से सरकारी जमीन पर रह रहे लोगों को केवल कब्जे के आधार पर लीज अधिकार नहीं मिलेगा।
छोटे प्लाॅट वालों को मिलेगी एकमुश्त छूट
नए नियमों में आवासीय प्लाॅट का न्यूनतम आकार 50 वर्गमीटर रखा गया है। हालांकि, इससे छोटे आकार के पहले से मौजूद प्लाॅट को एकमुश्त छूट देने का प्रविधान है। ऐसे प्लाॅट पर भवन नक्शा पास कराने या मौजूदा निर्माण को नियमित कराने का रास्ता मिल सकेगा। इसके लिए बाकी निर्माण नियमों का पालन करना होगा।
सरकारी जमीन पर अधिकार नहीं मिल सकता
दूसरी ओर, 25 साल या उससे अधिक समय से कैंट क्षेत्र में रहने के आधार पर लीज जैसे अधिकार और केवल कब्जे के आधार पर निर्माण की अनुमति मांगने वालों की मांग बोर्ड ने खारिज कर दी।
बोर्ड का कहना है कि केवल लंबे समय तक कब्जा रहने से सरकारी जमीन पर अधिकार नहीं मिल सकता। हालांकि, मूल पट्टेदार की मृत्यु होने पर उनके कानूनी उत्तराधिकारियों के अधिकार समाप्त नहीं होंगे।
आपदा प्रभावितों को मिलेगा ज्यादा समय
प्राकृतिक आपदा में मकान क्षतिग्रस्त होने पर उसकी सूचना देने की समय सीमा सात दिन से बढ़ाकर 30 दिन कर दी गई है। इससे प्रभावित परिवारों को नुकसान की जानकारी देने के लिए अधिक समय मिलेगा। पुनर्निर्माण शुरू करने से सात दिन पहले सूचना देने की शर्त भी अनुमति लेने के बजाय केवल सूचना देने तक सीमित की गई है, ताकि अधिकारी दावे का सत्यापन कर सकें।
सोलर पैनल और छोटे प्लाॅट पर भी फैसला
100 वर्गमीटर से बड़े प्लाॅट पर कम से कम दो किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाना अनिवार्य रखने के प्रविधान पर भी बोर्ड ने आपत्ति खारिज की। विकास शुल्क में छूट या रिफंड की व्यवस्था को इससे अलग प्रोत्साहन बताया गया।
अब बोर्ड के सीईओ और सदस्य-सचिव मसौदे को सक्षम प्राधिकारी के पास भेजेंगे। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से राजपत्र में अंतिम अधिसूचना जारी होने पर ही नए नियम लागू होंगे। दिल्ली सरकार के 2011 के जनगणना आंकड़ों के अनुसार, कैंट क्षेत्र की आबादी करीब 1.10 लाख थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।