यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi MCD Election में हार के बाद बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता- एक दिन सबको पद त्यागना पड़ता है
Delhi MCD Election Result नगर निगम चुनाव में हार के बाद BJP नेताओं में मतभेद शुरू हो गए है। हार ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi MCD Election Result: नगर निगम चुनाव में हार के बाद भाजपा नेताओं में मतभेद भी सामने आने लगे हैं। हार के मंथन व आगे की रणनीति बनाने के लिए पार्टी में बैठकों का दौर जारी है। पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें पद से हटाने की साजिश रच रहे हैं।
बैठक में हुई हार पर चर्चा
बुधवार शाम प्रदेश पदाधिकारियों और जिलों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें हार के कारणों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी को ज्यादा मेहनत करते हुए पार्टी को और मजबूत करना है। बताते हैं कि इसी दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं।
संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने बैठक में किया हस्तक्षेप
आदेश गुप्ता ने कहा कि ऐसे लोगों को ध्यान रखना चाहिए कि सभी को एक दिन पद त्याग करना पड़ता है, लेकिन किसी के कहने से वह अपने पद से नहीं हटेंगे। उनके इस तरह से नाराजगी जताने पर बाहरी दिल्ली के एक पदाधिकारी ने विरोध किया। बाद में संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने हस्तक्षेप कर सभी को शांत कराया।
देर शाम भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री के साथ ही पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अल्का गुर्जर भी शामिल हुईं। इन्होंने चुनाव जीतने के लिए सभी को बधाई दी और जनता के बीच जाकर जनता का धन्यवाद करने को कहा।