तकनीकी खामी से साढ़े तीन साल बाद भी सीवर लाइन अधूरी, बेगमपुर–बरवाला रोड बंद; मकानों पर खतरा
बेगमपुर-बरवाला रोड पर सीवर लाइन का काम साढ़े तीन साल से अधूरा है, जिससे 100 मीटर सड़क बंद है। गलत ...और पढ़ें

बेगमपुर में सीवर लाइन प्रोजेक्ट बना जी का जंजाल। जागरण
संजय डबास, बाहरी दिल्ली। बेगमपुर गांव में बेगमपुर–बरवाला रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य पिछले साढ़े तीन साल से अधूरा है। लंबे समय में भी काम पूरा नहीं होने के कारण 100 मीटर सड़क पर आवागमन बंद है। नई सीवर लाइन का लेवल सही नहीं होने के कारण दोबारा खुदाई कर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।
इस परियोजना में दो अलग-अलग ठेकेदारों का नाम सामने आ रहा है। काम में तालमेल और तकनीकी खामियों के चलते लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बेगमपुर–बरवाला रोड बेगमपुर गांव को आसपास की कॉलोनियों से जोड़ने के साथ भगवान महावीर मार्ग (हेलीपोर्ट रोड) तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों और कालोनीवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी
लंबे समय से जारी खुदाई और भारी मशीनों के इस्तेमाल से आसपास के मकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार खुदाई और निर्माण कार्य के कारण आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आने तथा नींव कमजोर होने की आशंका बनी हुई है।
लोगों का सवाल है कि जब सीवर लाइन का काम साढ़े तीन साल से चल रहा है तो इसकी गुणवत्ता और तकनीकी जांच पहले क्यों नहीं कराई गई? यदि निर्माण कार्य के दौरान किसी मकान को नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? स्थानीय निवासी सुभाष, कप्तान, राजेश यादव , नवीन और सचिन ने दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं बवाना के विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने रखा अपना पक्ष
ग्रामीणों का कहना है कि पहले किए गए काम में सीवर लाइन का लेवल सही नहीं होने के कारण दोबारा खुदाई की नौबत आई है। इससे सरकारी धन, समय और आम लोगों की परेशानी तीनों बढ़ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए।
आसपास के मकानों की सुरक्षा का आकलन किया जाए और सीवर लाइन का काम तय समय में पूरा कर सड़क को दोबारा आवागमन योग्य बनाया जाए।
जल बोर्ड के संबंधित प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारी ने बताया कि सीवर लाइन का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। अब लगभग 30 मीटर कार्य शेष है, जिसे भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के डाबड़ी में पुराने विवाद में दो परिवार भिड़े, 40-50 लोगों की भीड़ के बीच जमकर मारपीट
यह भी पढ़ें- पश्चिमी दिल्ली को मिलेगा नया मेडिकल कॉलेज, MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी; 1322 बेड की होगी क्षमता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।