NCR में टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक चुराने वाला बी.कॉम ग्रेजुएट गिरफ्तार, 6 मोटरसाइकिलें बरामद
रेवाड़ी के बी.कॉम ग्रेजुएट पुनीत सतीजा को एनसीआर में टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक चुराने के आरोप में गिरफ्तार ...और पढ़ें
-1774188603034_m.webp)
टेस्ट ड्राइव के नाम पर बाइक लेकर भागनेवाला आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
बी.कॉम ग्रेजुएट टेस्ट ड्राइव पर बाइक चुराता था।
व्यापार में घाटे के बाद शुरू की चोरी।
पुलिस ने छह महंगी बाइक बरामद कीं।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बिजनेस में घाटा लगा तो रेवाड़ी (हरियाणा) का बी.कॉम ग्रेजुएट युवा महंगी बाइक चुराने लगा। बाइक चोरी का उसका अंदाज भी कुछ अलग था, वह शोरूम में जाता और टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर निकलता और फिर लौट कर नहीं आता था। गिरफ्तार होने से पहले वह एनसीआर के विभिन्न शोरूम से छह बाइक लेकर फुर्र हो चुका था।
पुलिस ने उससे तीन बाइक जावा और दो रायल एनफील्ड समेत छह मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। आरोपित बाइक शोरूम पर सेल्समैन की इन्टर्नशिप कर चुका है। कार एसेसरीज बिजनेस में 25 लाख रुपये का घाटा लगने के बाद मजदूरी भी की। फिर बाइक चुराने लगा। आरोपित रेवाड़ी के शुकरपुरा मोहल्ला का रहने वाला है।
गत 19 मार्च को रोहिणी जिले के विजय विहार थाना क्षेत्र में रायल एनफील्ड शोरूम के सेल्सपर्सन दीपक खन्ना ने मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में पुलिस को शिकायत दी। रोहिणी के जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि तकनीकी व खुफिया निगरानी के आधार पर पुलिस ने पुनीत सतीजा नामक संदिग्ध को भलस्वा डेरी क्षेत्र पकड़ा।
उसके पास सीमापुरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से चोरी हुई जावा बाबर 42 माडल की मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने एनसीआर में मोटरसाइकिल चोरी के कई मामलों में अपनी संलिप्तता के बारे में बताया। उसकी निशानदेही पर बुराड़ी से पांच और मोटरसाइकिल बरामद कीं।
रॉयल एनफील्ड शोरूम में सेल्समैन की इंटर्नशिप की
जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपित शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने मोटरसाइकिल लेता था और फिर उन्हें लेकर फरार हो जाता था। पुनीत बी.कॉम ग्रेजुएट है। उसने छह महीने तक रॉयल एनफील्ड शोरूम में सेल्समैन की इंटर्नशिप की। आरोपित ने रेवाड़ी में ढाई साल तक कार एसेसरीज का बिजनेस किया, लेकिन उसे 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। वर्ष 2025 से उसने दिहाड़ी मज़दूर के तौर पर काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी से नौ मामले सुलझाए गए हैं। ये सभी मामले पिछले चार माह के दौरान दर्ज हुए हैं। दिल्ली के विजय विहार थाने, साकेत, सीमापुरी, तिलक नगर, माडल टाउन, मोती नगर, पहाड़गंज, माडल टाउन के अलावा गुरुग्राम के सिविल लाइन थाने में एक-एक मामले दर्ज हैं।
ये मोटरसाइकिल हुई बरामद
दिल्ली के विजय विहार थाना क्षेत्र से चुराई गई रायल एनफील्ड शाटगन 650, सीमापुरी से चोरी जावा बाबर-42, तिलक नगर से चोरी होंडा सीबी-350आरएस, साकेत से चोरी जावा बाबर-42, मोती नगर से चोरी बुलेट आर गुरिल्ला और माडल टाउन थाना क्षेत्र से चोरी हुई जावा बाबर-42 माडल मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। इन मोटरसाइकिल की कीमत दो लाख से लेकर साढ़े तीन लाख रुपये तक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।