दिल्ली-NCR में दिसंबर से फरवरी तक लोगों ने महसूस की गर्मी, क्लाइमेट सेंट्रल की रिपोर्ट ने चौंकाया
क्लाइमेट सेंट्रल की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर से फरवरी तक सर्दियां असामान्य रूप से गर्म रहीं। ...और पढ़ें
-1774188139661_m.webp)
दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में इस बार सर्दियों का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में इस बार सर्दियाँ असामान्य रूप से गर्म रहीं।
क्लाइमेट सेंट्रल रिपोर्ट: हर छह में से एक व्यक्ति ने गर्मी महसूस की।
मानवजनित उत्सर्जन, वाहनों से बढ़ता तापमान और स्वास्थ्य पर असर।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। देश की राजधानी और उससे सटे एनसीआर के इलाकों में इस बार सर्दियों का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। जहां दिसंबर से फरवरी के बीच लोग कड़ाके की ठंड की उम्मीद कर रहे थे, वहीं 'क्लाइमेट सेंट्रल' की ताजा रिपोर्ट ने चौंकाने वाली जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन महीनों के दौरान देश-दुनिया में हर छह में से एक व्यक्ति ने रोजाना ऐसी गर्मी का सामना किया, जिस पर सीधे तौर पर जलवायु परिवर्तन का असर था। दिल्ली सहित एनसीआर के संदर्भ में यह स्थिति और चिंताजनक होती जा रही है।
दिसंबर से फरवरी : ठंड के महीनों में 'रिस्की हीट' का साया
आमतौर पर दिल्ली में दिसंबर और जनवरी के महीने हाड़ कंपाने वाली ठंड के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस साल, क्लाइमेट शिफ्ट इंडेक्स के विश्लेषण से पता चलता है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। रिपोर्ट के मुख्य बिंदु दिल्ली और भारत जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए खतरे की घंटी हैं:-
- असामान्य तापमान: रिपोर्ट के अनुसार, 124 देशों के करीब 2.5 अरब लोग कम से कम 30 दिनों तक ऐसे तापमान में रहे, जो जलवायु परिवर्तन से सीधे तौर पर प्रभावित था।
- रोजमर्रा की हकीकत: अब जलवायु परिवर्तन भविष्य का खतरा नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर काम करने वाले मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम जनता के लिए रोज की हकीकत बन चुका है।
- खतरनाक गर्मी: वैश्विक स्तर पर 22.5 करोड़ लोगों ने एक महीने से ज्यादा समय तक ''रिस्की हीट'' झेली। दिल्ली जैसे शहरों में ''अर्बन हीट आइलैंड'' इफेक्ट के कारण यह प्रभाव और घातक महसूस किया गया।
क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?
क्लाइमेट सेंट्रल की विज्ञान उपाध्यक्ष क्रिस्टीना डाहल के अनुसार, तापमान में यह बढ़ोतरी पूरी तरह से मानवजनित है। कोयला, तेल और गैस के अत्यधिक उपयोग से होने वाला उत्सर्जन इसका मुख्य कारण है। दिल्ली और एनसीआर में वाहनों का दबाव और निर्माण कार्यों ने इस गर्मी को और हवा दी है।
स्वास्थ्य और आजीविका पर संकट
विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के महीनों में बढ़ने वाली यह गर्मी न केवल फसलों के चक्र को बिगाड़ रही है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रही है। सांस की बीमारियों के साथ-साथ अब ''हीट स्ट्रेस'' सर्दियों में भी एक चर्चा का विषय बन गया है। विशेषज्ञ कहते हैं, जलवायु परिवर्तन ने अब दैनिक मौसम को बदल दिया है। जो दिन पहले सुखद हुआ करते थे, वे अब स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरे बनते जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।